करोड़ों का जमीन घोटाला: ईडी ने व्यवसायी जय कामदार को किया गिरफ्तार

कोलकाता पुलिस के डीसी रैंक के अधिकारी के घर में भी छापामारी
रविवार को जय कामदार को हिरासत में लेकर सीजओ पहुंचे ईडी के अधिकारी
रविवार को जय कामदार को हिरासत में लेकर सीजओ पहुंचे ईडी के अधिकारी
Published on

कोलकाता : ईडी ने जमीन कब्जाने और मनी लॉन्ड्रिंग के गंभीर आरोपों में शामिल रियल इस्टेट व्यवसायी जय कामदार को लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। करीब 6 घंटे तक चली सघन पूछताछ के बाद, बयानों में विसंगति पाए जाने पर केंद्रीय एजेंसी ने यह कदम उठाया। गिरफ्तारी की जानकारी उनके भाई और वकील को दे दी गई है। अदालत ले जाते समय जय कामदार की तबीयत बिगड़ने पर उसे आरजी कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके साथ ही ईडी अधिकारियों ने बालीगंज के फर्न रोड स्थित कोलकाता पुलिस के एक डीसी रैंक के अधिकारी के घर में छापामारी की । रविवार की सुबह से ही ईडी अधिकारी और केन्द्रीय सुरक्षा बल के जवानों ने डीसी के घर को घेर लिया। दोपहर में ईडी अधिकारी डीसी के बेटे को लेकर ऑकलैंड स्क्वायर स्थित उसके ऑफिस भी पहुंचे।

1100 करोड़ के बड़े घोटाले का आरोप

ईडी सूत्रों के अनुसार, जय कामदार पर जमीन घोटाले के जरिए लगभग 1100 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। जांच में पता चला है कि आरोपी ने पिछले महज चार महीनों में विभिन्न बैंक खातों के जरिए 500 करोड़ रुपये का संदिग्ध लेनदेन किया है। पूछताछ के दौरान वह इस भारी-भरकम राशि के स्रोत के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं दे पाया। यहां हम बतातें चलें कि गत 1 अप्रैल को जय कामदार के ठिकानों पर हुई छापेमारी में ईडी को 1.47 करोड़ रुपये नकद एवं 67.64 लाख मूल्य के सोने और चांदी के आभूषण मिले थे। इसके अलावा बड़ी संख्या में जमीन के डीड, सरकारी स्टैंप और निर्माणाधीन प्रोजेक्ट्स के कागजात, व्हाट्सएप चैट और ईमेल से अवैध वित्तीय लेनदेन के पुख्ता सबूत मिले हैं। ईडी सूत्रों का दावा है कि जय कामदार एक ऐसे सिंडिकेट का हिस्सा है जो जबरन जमीन कब्जाने, रंगदारी, अवैध निर्माण और दस्तावेजों की जालसाजी में शामिल है। आरोप है कि वह अपनी कंपनी की आड़ में प्रभावशाली व्यक्तियों के काले धन को सफेद करने का काम कर रहा था। पूछताछ के दौरान उसने जांच में सहयोग नहीं किया और बैंक दस्तावेजों से जुड़े सवालों को टालता रहा, जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी तय की गई। गिरफ्तारी के बाद जय कामदार को जब ले जाया जा रहा था, तब उसने अस्वस्थ होने की शिकायत की। उसे तुरंत आरजी कर अस्पताल के ट्रॉमा केयर सेंटर ले जाया गया जहां बाद में उन्हें भर्ती कराया गया।


संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in