

सतीश, सन्मार्ग संवाददाता
हुगली : भाजपा से लंबे समय से जुड़े कार्यकर्ता विष्णुपद विश्वास ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल कर दिया है। हालांकि चुंचुड़ा के भाजपा प्रत्याशी सुबीर नाग ने इस विषय पर कोई टिप्पणी नहीं की। गुरुवार को विष्णुपद विश्वास चुंचुड़ा एसडीओ कार्यालय पहुंचे और उन्होंने अपना नामांकन पत्र जमा किया। बताया गया कि एक दिन पहले दस्तावेजों में भ्रम के कारण उनका नामांकन पूरा नहीं हो सका था, जिसके चलते वे आवश्यक कागजात जमा करने के लिए दोबारा कार्यालय पहुंचे। हालांकि उन्होंने इसके पीछे के कारणों का खुलासा करने से फिलहाल इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, “मैंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया है। क्यों किया, इस पर अभी कुछ कहना उचित नहीं होगा। आगे नामांकन वापसी की तारीख भी है, परिस्थिति के अनुसार निर्णय लिया जाएगा।” इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के चुंचुड़ा प्रत्याशी सुबीर नाग ने कहा कि विष्णुपद विश्वास लंबे समय से पार्टी के कार्यकर्ता रहे हैं, लेकिन उनके निर्दलीय रूप से चुनाव लड़ने के फैसले पर वह फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। उन्होंने कहा, “मेरी उनसे बात हुई है। उन्होंने ऐसा क्यों किया, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा। अभी यह पार्टी का आंतरिक मामला है।” वहीं, तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार देवांशु भट्टाचार्य ने इसे भाजपा का आंतरिक मामला बताते हुए निर्दलीय उम्मीदवार विष्णुपद विश्वास को शुभकामनाएं दीं।