इस बार दुर्गा पूजा में अलग तरीके से जनसंपर्क करेगी भाजपा

हाउसिंग कॉम्प्लेक्स को दिया जायेगा बेस्ट पूजा का अवार्ड दूसरे राज्याें में भी बंगाली इलाकों में जायेंगे भाजपा नेता प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को आया विदेश से न्योता
इस बार दुर्गा पूजा में अलग तरीके से जनसंपर्क करेगी भाजपा
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : दुर्गा पूजा एक ऐसा समय होता है जब राजनीतिक पार्टियां भी जोर-शोर से लोगों से जुड़ने की कोशिश करती हैं। राज्य में तृणमूल की सरकार आने के बाद दुर्गा पूजा नेताओं के लिए लोगों से जुड़ने का एक बड़ा माध्यम बन गया है। ऐसे में अब केवल तृणमूल ही नहीं बल्कि राज्य में 34 वर्षों तक शासन करने वाली माकपा और विपक्षी पार्टी के तौर पर उभरी भाजपा समेत सभी मुख्य राजनीतिक पार्टियां दुर्गा पूजा के दौरान जनसंपर्क बढ़ाने पर विशेष जोर देती हैं। यहां उल्लेखनीय है कि फिलहाल राज्य की बड़ी पूजा कमेटियों में तृणमूल का ही बोलबाला है, लेकिन भाजपा भी जनसंपर्क में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। अगले साल राज्य में विधानसभा चुनाव भी है और ऐसे में इस बार भाजपा दुर्गा पूजा में अलग तरीके से जनसंपर्क करने की कोशिश में है।

पहली बार हाउसिंग कॉम्प्लेक्स को अवार्ड

इस बार पहली बार पार्टी के कल्चरल सेल द्वारा हाउसिंग कॉम्प्लेक्स को अवार्ड देने की शुरुआत की जा रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, बेस्ट हाउसिंग कॉम्प्लेक्स की पूजा को अवार्ड के तौर पर मोमेंटो दिया जायेगा।

सांसद अपने इलाके में करेंगे पुरस्कृत

इधर, केंद्रीय मंत्री व भाजपा सांसद डॉ. सुकांत मजूमदार द्वारा अपने इलाके बालुरघाट में अवार्ड देने की शुरुआत की गयी है। इसके लिए ‘सांसद शोभायात्रा प्रतियोगिता’ फॉर्म भरना होगा। फॉर्म में कमेटी का नाम समेत अन्य जानकारी देनी होगी। विसर्जन के दिन कई नियमों को मानते हुए विसर्जन करना होगा और बेस्ट 3 पूजा कमेटियों को ट्रॉफी और आर्थिक पुरस्कार दिया जायेगा। अन्य 10 पूजा कमेटियों को भी आर्थिक पुरस्कार दिये जायेंगे। इसके अलावा सांसद शारद सम्मान भी दिया जायेगा।

प्रदेश अध्यक्ष को विदेश से न्योता

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य को इस बार दुर्गा पूजा में लंदन जाने का आमंत्रण मिला है। हालांकि उनका कहना है कि दुर्गा पूजा वह अपने शहर में ही बिताना चाहेंगे। इसके अलावा दिल्ली और सूरत जैसे शहरों से भी उनके पास आमंत्रण आया है। पश्चिम बंगाल से लगभग 25-30 पूजा कमेटियों ने दुर्गा पूजा के लिए उन्हें आमंत्रित किया है। केवल प्रदेश अध्यक्ष ही नहीं बल्कि पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी दूसरे राज्यों में जायेंगे। अण्डमान, उत्तराखण्ड, गोवा समेत देश के विभिन्न राज्यों में नेता जायेंगे जहां काफी संख्या में बंगाली दुर्गा पूजा का आयोजन करते हैं। शमिक ही नहीं बल्कि विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी, वरिष्ठ नेता दिलीप घोष समेत अन्य नेताओं को भी कई आमंत्रण मिले हैं।

रिबन काटने में विश्वास नहीं : शमिक

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने सन्मार्ग से कहा, ‘मैं रिबन काटने में विश्वास नहीं करता। दुर्गा पूजा में लोगों के बीच शामिल होता हूं, लेकिन यह जरूरी नहीं कि रिबन काटने ही जाऊं। भाजपा के कार्यकर्ता भी अपने-अपने तरीके से दुर्गा पूजा में जनसंपर्क करेंगे। इसके अलावा हर बार की तरह इस बार भी हमारे स्टॉल पर अधिक फोकस किया जायेगा।’

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in