

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल की कराटे खिलाड़ी बिपाशा पॉल ने स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित 12वीं कॉमनवेल्थ कराटे चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने प्रतियोगिता की सीनियर फीमेल काता स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस दौरान बिपाशा को कॉमनवेल्थ के कई अनुभवी और अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग वाले खिलाड़ियों से मुकाबला करना पड़ा। उन्होंने पांच कठिन राउंड पार करते हुए खिताबी जीत हासिल की। उनकी यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि इससे पहले वह जूनियर वर्ग में कांस्य पदक जीत चुकी हैं। जूनियर ब्रॉन्ज से सीनियर गोल्ड तक का उनका सफर निरंतर मेहनत, अनुशासन और बेहतर प्रशिक्षण का परिणाम है।
पांच राउंड में शानदार प्रदर्शन, कोच को समर्पित की जीत
बिपाशा की इस सफलता में उनके कोच और मेंटर हंशी प्रेमजीत सेन की अहम भूमिका रही है। कराटे प्रशिक्षण के क्षेत्र में कई दशकों का अनुभव रखने वाले प्रेमजीत सेन खिलाड़ियों को तकनीकी कौशल के साथ मानसिक मजबूती, आत्मविश्वास और प्रतियोगिता की रणनीति पर भी प्रशिक्षित करते हैं। खास बात यह रही कि चैंपियनशिप के दौरान प्रेमजीत सेन अंतरराष्ट्रीय रेफरी की जिम्मेदारी निभा रहे थे। इस कारण वह बिपाशा के मुकाबलों के दौरान उनके साथ नहीं रह सके। इसके बावजूद उनके प्रशिक्षण और मार्गदर्शन का असर खिलाड़ी के प्रदर्शन में दिखाई दिया। अपनी जीत पर बिपाशा ने कहा कि उनके कोच हमेशा परिवार की तरह उनका साथ देते हैं। गलतियों पर डांटने से लेकर हर दिन बेहतर खिलाड़ी बनाने तक, उन्होंने हर कदम पर उनका मार्गदर्शन किया है। उन्होंने बताया कि कोच ने उन्हें आत्मविश्वास और मानसिक मजबूती के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का सामना करना सिखाया। बिपाशा ने अपना स्वर्ण पदक प्रेमजीत सेन को समर्पित किया।
बंगाल की बेटियों में प्रतिभा की कमी नहीं : प्रेमजीत सेन
बिपाशा की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए हंशी प्रेमजीत सेन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को हराकर सीनियर वर्ग में स्वर्ण पदक जीतना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि बंगाल की बेटियों और देश के युवा खिलाड़ियों को यदि वैज्ञानिक प्रशिक्षण, बेहतर सुविधाएं, संस्थागत सहयोग और उचित प्रोत्साहन मिले, तो वे विश्व स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि देश में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत खिलाड़ियों को सही अवसर और समर्थन देने की है। बिपाशा की सफलता भारतीय कराटे के लिए भी प्रेरणादायक है।