

कोलकाता : तपसिया थानांतर्गत हुजेस रोड एवं पार्क सर्कस कनेक्टर रोड क्रॉसिंग इलाके में सोमवार की सुबह व्यस्त समय के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक शटल बस ने नियंत्रण खोकर पहले एक राहगीर और फिर एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी नेशनल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। मृतक का नाम नित्यानंद मंडल (45) है। वह केलएसी के उत्तर नस्करपाड़ा का रहनेवाला था। घायलों के नाम रिया मंडल, अकबल अली और अनंत कुमार नाथ हैं।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह यह ऐप आधारित बस चार नंबर पुल (ब्रिज) से साइंस सिटी की तरफ जा रही थी। आरोप है कि बस की गति बेहद तेज थी। चार नंबर पुल के पास अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस ने सड़क पार कर रहे एक राहगीर को अपनी चपेट में ले लिया। इसके तुरंत बाद अनियंत्रित बस ने आगे चल रही एक बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर दोनों सवार समेत कुल तीन लोग सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। अन्य दो घायलों का इलाज चल रहा है। समाचार लिखे जाने तक मृतकों और घायलों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी थी।
बस जब्त, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने घातक बस को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के कारणों की सटीक जांच के लिए पुलिस घटनास्थल और उसके आसपास लगे स्थानीय सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह साफ हो सके कि दुर्घटना बस की तेज रफ्तार की वजह से हुई या कोई तकनीकी खराबी (ब्रेक फेल्योर) इसका कारण थी। इस हादसे के चलते कुछ समय के लिए इलाके में यातायात प्रभावित हुआ, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।