भांगड़ में विधायक शौकत की कार पर बमबारी का आरोप

शौकत मोल्ला
शौकत मोल्ला
Published on

कोलकाता : तृणमूल नेता शौकत मोल्ला पर भांगड़ के पोलेरहाट में शनिवार रात थाने के सामने ही हमला किया गया। आरोप है कि उनकी कार को निशाना बनाकर बम फेंके गए और गोलीबारी की गई। हालांकि विधायक को कोई चोट नहीं आई, लेकिन उनके पीछे चल रही गाड़ी बम लगने से क्षतिग्रस्त हो गई। जेड श्रेणी की सुरक्षा के बावजूद हुए इस हमले पर उन्होंने आश्चर्य जताते हुए आईएसएफ समर्थित असामाजिक तत्वों को जिम्मेदार ठहराया है। जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम से ही पोलेरहाट क्षेत्र में तनाव व्याप्त था। तृणमूल नेता खैरुल इस्लाम समेत कई लोगों के साथ कथित रूप से मारपीट की गई थी। आरोप है कि बैठक के दौरान इलाके की बिजली आपूर्ति काट दी गई और फिर हमला किया गया, जिसमें चार लोग घायल हुए तथा एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। इसी घटना की शिकायत दर्ज कराने के लिए विधायक पोलेरहाट थाने पहुंचे थे। लौटते समय, थाने से लगभग 500–700 मीटर की दूरी पर उनकी कार पर हमला हुआ। विधायक ने बताया कि उनकी गाड़ी आगे निकल गई, लेकिन पीछे की कार पर बम लगा। हमलावरों ने गोली भी चलाई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दो बम बरामद किए। विधायक ने भांगड़ से आईएसएफ विधायक नौसाद‌ सिद्दीकी पर उकसावे का आरोप लगाते हुए इसे साजिश बताया और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने सोमवार को विरोध मार्च निकालने की घोषणा भी की है। वहीं नौशाद सिद्दीकी ने आरोपों को खारिज करते हुए इसे तृणमूल की अंदरूनी कलह बताया और मामले की एनआईए जांच की मांग की। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें आईएसएफ से जुड़ा बताया जा रहा है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in