विज्ञान और वेदांत संग आगे बढ़ेगा बंगाल : कल्याण

सितंबर में होगा राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सम्मेलन
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मंत्री कल्याण चक्रवर्ती
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मंत्री कल्याण चक्रवर्ती
Published on

कोलकाता : पश्चिम बंगाल सरकार अब "एक हाथ में विज्ञान और दूसरे हाथ में वेदांत" की सोच के साथ आगे बढ़ना चाहती है। राज्य के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा जैव प्रौद्योगिकी मंत्री कल्याण चक्रवर्ती ने शुक्रवार को विधाननगर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष से राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सम्मेलन 28 फरवरी के बजाय सितंबर में आयोजित किया जाएगा। 16 और 17 सितंबर को विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में दो दिवसीय सम्मेलन होगा।

मंत्री ने कहा कि विश्वकर्मा पूजा के समय पारंपरिक कारीगर विज्ञान का व्यावहारिक उपयोग करते हैं, इसलिए इसी अवधि को सम्मेलन के लिए चुना गया है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस (28 फरवरी) का महत्व पहले की तरह बना रहेगा और उसका आयोजन भी किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार बांग्ला भाषा में विज्ञान लेखन और शोध को बढ़ावा देगी। सम्मेलन में वैज्ञानिकों को अपने शोधपत्र बांग्ला में प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा तथा विज्ञान विषयक बांग्ला पत्रिका भी प्रकाशित करने की योजना है।

"एक हाथ में विज्ञान और दूसरे में वेदांत" की अवधारणा स्पष्ट करते हुए मंत्री ने कहा कि इसका आशय स्वामी विवेकानंद के प्रैक्टिकल वेदांत से है, जिसमें विज्ञान का उपयोग आम लोगों की समस्याओं के समाधान और मानव सेवा के लिए किया जाए। उन्होंने विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ बैठक कर शोध को जनकल्याण से जोड़ने पर भी जोर दिया।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in