बासंती में भाजपा प्रत्याशी पर हमला, गाड़ी में तोड़फोड़

बासंती के भाजपा उम्मीदवार विकास सरदार के वाहन में की गई तोड़फोड़
बासंती के भाजपा उम्मीदवार विकास सरदार के वाहन में की गई तोड़फोड़
Published on

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

दक्षिण 24 परगना : बासंती में मतदान के दौरान भाजपा प्रत्याशी पर हमले और उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों ने इस घटना को अंजाम दिया। यह मामला दक्षिण 24 परगना जिले के बासंती इलाके का है। घटना को लेकर चुनाव आयोग ने संज्ञान लेते हुए एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया है। हालांकि, सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है। बताया जा रहा है कि बासंती में मतदान जारी था और भाजपा प्रत्याशी विकास सरदार सुबह से विभिन्न बूथों का दौरा कर रहे थे। जब वे कांठलबेरिया इलाके में पहुंचे, तभी उन पर हमला किया गया। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और ‘जय बांग्ला’ के नारे लगाए। भाजपा प्रत्याशी के अनुसार, वे इलाके के 76 नंबर वार्ड में गए थे, जहां तृणमूल समर्थित कुछ असामाजिक तत्वों ने उन पर हमला कर दिया। उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। इतना ही नहीं, उनकी गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए गए। विकास सरदार की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मी उन्हें बचाने के लिए आगे आए, लेकिन वे भी हमले का शिकार हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने सुरक्षाकर्मी के हथियार छीनने की भी कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद सुरक्षाकर्मियों ने प्रत्याशी को गाड़ी में बैठाकर वहां से सुरक्षित निकाला। आरोप है कि हमलावरों ने गाड़ी का पीछा भी किया। भाजपा प्रत्याशी ने यह भी दावा किया कि इलाके में केंद्रीय बल मौजूद होने के बावजूद उन्होंने हमलावरों को रोकने की कोई कोशिश नहीं की। इस घटना को लेकर उन्होंने केंद्रीय बल के जवानों से शिकायत भी की।दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in