

कोलकाता : दीपावली और काली पूजा के दौरान पटाखों से होने वाली आंखों की दुर्घटनाओं को देखते हुए ASG Eye Hospital Limited ने बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष पहल की है। अस्पताल ने ‘सुरक्षित आंखें, सुरक्षित दीपावली’ अभियान शुरू किया है।
इसके तहत पटाखों से आंखों में चोट लगने पर 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को सीएसआर पहल के अंतर्गत निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यह अभियान 8 से 14 नवंबर 2026 तक देश के 15 से अधिक राज्यों में स्थित 200 से ज्यादा ASG आई हॉस्पिटल केंद्रों पर चलेगा।
इस योजना में प्राथमिक उपचार, आपातकालीन चिकित्सा, दवाइयां और जरूरत पड़ने पर सर्जरी भी शामिल है। निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अनुसार चश्मे और ऑप्टिकल उत्पादों की सुविधा भी दी जा सकती है। सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1800 1211 404 जारी किया गया है।
अस्पताल के ग्रुप सीएफओ डॉ. विकास जैन ने कहा कि बच्चों में पटाखों से होने वाली अधिकांश आंखों की चोटों को सावधानी बरतकर रोका जा सकता है। दुर्घटना होने पर घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय तुरंत विशेषज्ञ से संपर्क करना जरूरी है।
वहीं, पीडियाट्रिक ऑप्थैल्मोलॉजिस्ट डॉ. सब्यसाची चक्रवर्ती ने कहा कि पश्चिम बंगाल में दीपावली और काली पूजा के दौरान बच्चे देर रात तक उत्सव में शामिल होते हैं। ऐसे में पटाखे जलाते समय सुरक्षित दूरी और सुरक्षात्मक चश्मे का इस्तेमाल बेहद जरूरी है।
अस्पताल ने बच्चों को बड़ों की निगरानी में पटाखे जलाने, बिना फटे पटाखों के पास नहीं जाने और घायल आंख को नहीं रगड़ने की सलाह दी है। चोट लगने पर आंख पर दबाव न डालें, कोई घरेलू नुस्खा या दवा इस्तेमाल न करें। साफ आई शील्ड से आंख को हल्के ढंग से ढककर तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचें। समय पर उपचार से दृष्टि को गंभीर नुकसान से बचाया जा सकता है।