छात्र आंदोलन को हाईजैक करने की कोशिश करने वाली राष्ट्रविरोधी ताकतों को बख्शा नहीं जाएगा : दिलीप घोष

आंदोलन के पीछे भारत के बाहर सक्रिय शक्तियों की भूमिका नजर आ रही है-देवजीत
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : देशव्यापी छात्र आंदोलनों को लेकर बंगाल की सियासत गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया है कि देश और राज्य भर में चल रहे छात्र आंदोलनों के पीछे विदेशी और राष्ट्रविरोधी ताकतों का हाथ है। पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता दिलीप घोष ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि छात्र आंदोलन की आड़ में अपना राजनीतिक एजेंडा साधने की कोशिश करने वाली ताकतों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

दिलीप घोष ने कहा, ‘बंगाल में छात्र आंदोलन कोई नई बात नहीं है, यह एक तरह का रिवाज बन चुका है। लेकिन जो लोग अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए इस आंदोलन को हाईजैक करने की कोशिश कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और पूरे मामले की जांच की जाएगी।’ उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में कानून का शासन कायम रहेगा और देशविरोधी तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा। वहीं, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि केंद्र सरकार के साथ बातचीत और समाधान के बाद छात्र संतुष्ट थे। हालांकि, कुछ असामाजिक व राजनीतिक तत्व अलग मकसद से इस आंदोलन को जीवित रखने का प्रयास कर रहे हैं।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता देवजीत सरकार ने दावा किया कि इस आंदोलन के पीछे भारत के बाहर सक्रिय शक्तियों की भूमिका नजर आ रही है। उन्होंने कहा, ‘जिस तरह से किसान आंदोलन के दौरान विदेशी धरती से मदद मिल रही थी, ठीक उसी तरह का पैटर्न यहां भी देखने को मिल रहा है। फिलहाल किसी विशेष संगठन या ताकत का नाम लेना जल्दबाजी होगी, लेकिन जांच के बाद जल्द ही सारा सच सामने आ जाएगा।’ भाजपा प्रवक्ताओं ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन आरोपियों को कोर्ट से जमानत मिली है, उन्हें जांच से पूरी तरह क्लीन चिट नहीं मिली है और जांच एजेंसियां मामले की गहराई से पड़ताल कर रही हैं।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in