श्री सिद्धिविनायक देवस्थानम में धूमधाम से मना अन्नकूट उत्सव

हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
Kolkata
श्री सिद्धिविनायक देवस्थानम
Published on: 

कोलकाता : श्री सिद्धिविनायक देवस्थानम में अन्नकूट उत्सव धार्मिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। भक्तों ने भगवान श्रीगणेश के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। उत्सव के दौरान हजारों श्रद्धालुओं के बीच अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया गया।

मंदिर परिसर में आयोजित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भगवान श्रीगणेश की मंगला आरती, महाआरती, संध्या आरती और शयन आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भजनों की मधुर प्रस्तुति ने भक्तों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में पारंपरिक धुनुची नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

गोवर्धन पूजा और धार्मिक परंपराओं का दिया संदेश

मंदिर के ट्रस्टी सुशील गोयनका ने गोवर्धन पूजा एवं भैया दूज की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि अन्नकूट उत्सव में भगवान को विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया जाता है। इसके बाद भोग को पवित्र प्रसाद के रूप में श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया जाता है। यह परंपरा श्रद्धा, सेवा और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि 11 नवंबर को भैया दूज का पर्व मनाया जाएगा।

मंदिर में धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों को सफल बनाने में इमामी फाउंडेशन के समाजसेवी राधेश्याम अग्रवाल और राधेश्याम गोयनका का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा। इनके मार्गदर्शन में प्रदीप नैयर, सुभाष मुरारका, देवकीनंदन गुप्ता, बनवारीलाल चौधरी, राजकुमार कटारूका,

उदय चौधरी, गोपाल भालोटिया, कमल सराफ, शैलेश बाजला, उत्कर्ष मोदी, रामलाल तिवारी, सुभाष सराफ, अर्जुन धवन एवं मनोज नाथानी सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय योगदान दिया। अन्नकूट उत्सव ने धार्मिक आस्था के साथ सेवा, समर्पण और सामाजिक एकजुटता का संदेश भी दिया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News