

कोलकाता : पंजाब नेशनल बैंक अधिकारी संघ (एआईपीएनबीओए) ने पुरुलिया मंडल में कथित ‘विषाक्त कार्य वातावरण’ को लेकर बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। संघ के महासचिव दिलीप साहा ने 28 अगस्त को भेजे पत्र में मंडल प्रमुख समापिका चौधरी पर अधिकारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार, सार्वजनिक रूप से अपमानित करने, धमकी देने, अत्यधिक काम का दबाव बनाने और अधिकारों के दुरुपयोग के आरोप लगाये हैं।
संघ ने 22 अगस्त को गालिया शाखा के 37 वर्षीय शाखा प्रमुख बीर सिंह सवाईयन की मौत का मामला भी उठाया। पत्र के अनुसार, सवाईयन को छुट्टी के दिन कार्यालय आने का निर्देश दिया गया था। कार्यालय जाते समय उनकी तबीयत बिगड़ गयी। अत्यधिक रक्तचाप की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गयी। संघ ने घटना से जुड़े निर्देशों, स्वास्थ्य स्थिति और संबंधित बातचीत की स्वतंत्र जांच की मांग की है।
संघ का दावा है कि इससे पहले दक्षिण 24 परगना में भी चौधरी के खिलाफ शिकायतें मिली थीं। मालोबिका बनिक ने अपमानित करने, अत्यधिक काम का दबाव बनाने और चिकित्सा सहायता में कथित बाधा डालने के आरोप लगाये थे। एआईपीएनबीओए ने मंडल प्रमुख के तत्काल निलंबन, स्वतंत्र व समयबद्ध जांच तथा शिकायतकर्ताओं और गवाहों को प्रतिशोध से सुरक्षा देने की मांग की है।