4 मई को बंगाल होगा ‘हरा’: अभिषेक बनर्जी

कार्यकर्ताओं को जोशीला संदेश, जश्न की तैयारी शुरू
अभिषेक बनर्जी
अभिषेक बनर्जी
Published on

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के चुनाव प्रचार के समापन के बाद टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को एक उत्साहपूर्ण संदेश दिया है।

सोमवार रात उन्होंने अपने एक्स हैंडल के माध्यम से कहा कि “हर तृणमूल कार्यकर्ता, नेता और समर्थक ‘मां-माटी-मानुष’ की भावना के साथ आगे आएं और अधिक से अधिक ‘सबुज अबीर’ (हरा गुलाल) खरीद लें।”

उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से कहा, “इस रंग को इकट्ठा कर लें, क्योंकि 4 मई को पूरा राज्य हरे रंग में रंग जाएगा।” अभिषेक बनर्जी ने अपने संदेश में उत्सव और जीत के माहौल का संकेत देते हुए कहा कि उसी दिन बंगाल के हर कोने से रवींद्र संगीत गूंजेगा और जश्न के माहौल में 'डीजे' का भी आनंद लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि “यह उत्सव पहले से ही दिलों में शुरू हो चुका है, अब केवल सड़कों को रंगों से सराबोर करने की जरूरत है।” पहले चरण के चुनाव समाप्त होने के बाद अभिषेक बनर्जी ने खुले तौर पर दावा किया था कि उनकी पार्टी 100 से अधिक सीटें जीतकर शानदार प्रदर्शन करेगी।

अब दूसरे चरण के मतदान से पहले ही उनके इस संदेश को तृणमूल कांग्रेस की निर्णायक और बड़ी जीत के संकेत तथा पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह बढ़ाने वाले संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in