कोलकाता पुलिस के डॉग स्क्वाड में शामिल हुए चार नये 'विस्फोटक विशेषज्ञ'

चुनाव ड्यूटी से शुरू हुई व्यावहारिक ट्रेनिंग
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : कोलकाता पुलिस के डॉग स्क्वाड में चार नये जांबाज सदस्यों की एंट्री हुई है। ग्वालियर में कड़ी ट्रेनिंग पूरी करने के बाद स्नूपी, मून, इना और टीना अब शहर की सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। खास बात यह है कि सेवा में शामिल होते ही इन चारों को चुनावी ड्यूटी की कमान सौंपी गई है, जहां वे 'हैंड्स-ऑन' ट्रेनिंग ले रहे हैं।

ग्वालियर के बीएसएफ सेंटर से ली ट्रेनिंग

लालबाजार के सूत्रों के अनुसार, ये चारों श्वान लैब्राडोर प्रजाति के हैं। लगभग सात महीने पहले इन्हें प्रशिक्षण के लिए ग्वालियर स्थित बीएसएफ के ट्रेनिंग सेंटर भेजा गया था। वहां से 'विस्फोटक विशेषज्ञ' के रूप में प्रशिक्षित होकर लौटने के बाद अब वे आधिकारिक तौर पर कोलकाता पुलिस का हिस्सा बन गए हैं।

चुनावी रैलियों में सुरक्षा का जिम्मा

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि ट्रेनिंग सेंटर और असल मैदान की सुरक्षा में जमीन-आसमान का अंतर होता है। वीआईपी सुरक्षा की बारीकियों को समझने के लिए इन्हें डॉग स्क्वाड के 'सीनियर' सदस्यों के साथ फील्ड पर उतारा गया है। चुनाव के मद्देनजर शहर में हो रही राजनीतिक सभाओं, रोड शो और वीआईपी कार्यक्रमों से पहले स्नूपी, मून, इना और टीना मंच और आसपास के इलाकों की बारीकी से जांच कर रहे हैं।

गर्मी से बचाव के खास इंतजाम

कोलकाता की भीषण गर्मी को देखते हुए इन नए रंगरूटों की सेहत का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। लालबाजार के मुताबिक डॉग स्क्वाड के मेन्यू में शरीर को ठंडा रखने के लिए दही शामिल किया गया है। दोपहर के भोजन में चिकन दिया जा रहा है। ड्यूटी के दौरान ऊर्जा बनाए रखने के लिए इन्हें ग्लूकोज दिया जा रहा है। पुलिस ट्रेनिंग स्कूल के तालाब में इन्हें दिन में दो बार नहलाया जाता है। सुबह-शाम व्यायाम और तैराकी के अभ्यास के साथ-साथ थकावट होने पर तुरंत विश्राम दिया जा रहा है।

डॉग स्क्वाड की ताकत हुई 40

इन चार नये सदस्यों के आने के बाद कोलकाता पुलिस के डॉग स्क्वाड की कुल संख्या 40 हो गई है। इनमें से 30 श्वान 'विस्फोटक विशेषज्ञ' हैं। इन चार नये सदस्यों में तीन हल्के पीले रंग के हैं, जबकि एक काले रंग का लैब्राडोर है। फिलहाल ये हर दिन 4 से 5 घंटे की ड्यूटी कर रहे हैं, ताकि चुनावी माहौल में सुरक्षा चक्र को और मजबूत किया जा सके।


संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in