

890 वाहनों का काटा गया चालान
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कालीपूजा के दौरान प्रशासन की सख्ती और निर्धारित समय-सीमा के बावजूद कोलकाता में प्रतिबंधित पटाखों की आतिशबाजी और हुड़दंग की घटनाएं सामने आईं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कोलकाता पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए कुल 327 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इस दौरान 105.1 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे और 46.075 लीटर अवैध शराब भी जब्त की। लालबाजार स्थित कोलकाता पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए लोगों में 74 ऐसे आरोपी हैं, जिन्होंने निर्धारित समय-सीमा के बाद पटाखे जलाए। वहीं, उपद्रव और अभद्र व्यवहार के आरोप में 253 लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने शहर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर प्रतिबंधित पटाखों और अवैध शराब की बरामदगी की। हालांकि, पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पिछले वर्ष की तुलना में इस बार प्रतिबंधित पटाखों और अवैध शराब की जब्ती में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। इस वर्ष जब्ती का आंकड़ा पिछले साल के मुकाबले एक-तिहाई से भी कम रहा।
ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर भी कार्रवाई
कालीपूजा के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोलकाता ट्रैफिक पुलिस ने भी विशेष निगरानी रखी। सोमवार, 9 नवंबर को यातायात नियमों का उल्लंघन करने के कुल 890 मामले दर्ज किए गए। पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले 379 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जबकि दोपहिया वाहनों पर पीछे बैठकर बिना हेलमेट सफर करने वाले 156 लोगों को भी नहीं बख्शा गया। इसके अलावा खतरनाक तरीके से वाहन चलाने के आरोप में 116, शराब पीकर गाड़ी चलाने के मामले में 100 और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर 139 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस की सख्ती के बावजूद आतिशबाजी
प्रशासन की ओर से कालीपूजा के मद्देनजर पटाखे फोड़ने के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई थी और प्रतिबंधित पटाखों के इस्तेमाल पर रोक लगाई गई थी। इसके बावजूद पूजा की रात कई इलाकों में नियमों की अनदेखी की गई। सोमवार को पूजा के अगले दिन भी शहर के कुछ हिस्सों में आतिशबाजी जारी रही। ऐसे में पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई तेज कर दी।