

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना : पुस्तक प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी। जिला पुस्तकालय की ओर से आयोजित 31वाँ दक्षिण 24 परगना जिला पुस्तक मेला इस बार 8 दिसंबर से फलता विधानसभा क्षेत्र के बासुदेवपुर फुटबॉल मैदान में लगने जा रहा है। सात दिनों तक चलने वाला यह मेला 14 दिसंबर तक चलेगा। जिला पुस्तकालय के अधिकारी शेख मोहम्मद शाहीदुल्ला ने ‘सन्मार्ग’ को बताया कि पुस्तक मेले की तैयारियाँ पूरी हो चुकी हैं और इस बार का आयोजन पहले से कहीं अधिक भव्य होगा। उन्होंने बताया कि पुस्तक मेले को लेकर डायमंड हार्बर के एसडीओ शुभ्रजीत गुप्ता की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक हो चुकी है जिसमें सभी जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। पुस्तक मेले का उद्घाटन मंत्री सिद्दीकुल्लाह चौधरी करने की संभावना है। मंत्री के कार्यक्रम की पुष्टि होने पर अंतिम घोषणा की जाएगी। इस बार मेले में करीब 75 स्टॉल लगाए जाएंगे जिसमें कोलकाता, दक्षिण 24 परगना सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ बाहर के प्रकाशक भी हिस्सा लेंगे। बच्चों की किताबें, साहित्य, इतिहास, विज्ञान, कविता, उपन्यास से लेकर धार्मिक और शैक्षणिक पुस्तकें उपलब्ध होंगी। कई स्टॉलों पर भारी छूट की भी घोषणा की गई है।
फलता में पुस्तक मेला बनेगा सांस्कृतिक-साहित्यिक केंद्र
मेले का थीम इस बार ‘बांग्ला में भाषार ओइतिच्छ के रक्षा, आमादेर अंगीकार’ यानी ‘बांग्ला भाषा और उसकी परंपरा की रक्षा हमारा संकल्प’ रखा गया है। इस थीम के तहत बांग्ला साहित्य, संस्कृति और भाषा के संरक्षण पर विशेष कार्यक्रम और सेमिनार भी आयोजित किए जाएंगे।पुस्तक मेला प्रतिदिन दोपहर साढ़े बारह बजे से रात आठ बजे तक खुला रहेगा ताकि स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ नौकरीपेशा लोग भी आसानी से आ सकें। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मैदान के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और पुलिस बल की तैनाती रहेगी। जिले में पुस्तक मेले की घोषणा के बाद से ही पुस्तक प्रेमियों में गजब का उत्साह है। फलता और आसपास के इलाकों के लोग पहले से ही टिकिट और स्टॉल बुकिंग की पूछताछ कर रहे हैं। पिछले सालों की तरह इस बार भी मेला दक्षिण 24 परगना के सांस्कृतिक और शैक्षणिक परिदृश्य का बड़ा केंद्र बनेगा।