गणतंत्र दिवस पर महानगर में 3 हजार पुलिस कर्मी रहेंगे तैनात

रेड रोड से लेकर गंगा तक कड़ी सुरक्षा
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : गणतंत्र दिवस के अवसर पर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए कोलकाता पुलिस ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद करने की तैयारी कर ली है। विशेष रूप से 26 जनवरी को होने वाली परेड को लेकर रेड रोड और उसके आसपास के इलाकों को अभेद्य किले में बदलने की योजना बनाई गई है। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे रेड रोड क्षेत्र को 17 जोन और 125 सेक्टरों में बांटकर निगरानी रखने का फैसला लिया गया है। यह सुरक्षा व्यवस्था रविवार से ही लागू हो रही है। सड़कों पर कोलकाता पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तैनात रहेंगे। जानकारी के अनुसार, दो अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, चार संयुक्त पुलिस आयुक्त, 22 डिप्टी कमिश्नर और 46 असिस्टेंट कमिश्नर स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में करीब 3 हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया जा रहा है। आपात स्थिति से निपटने के लिए तीन क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) को तैयार रखा गया है। निगरानी को और मजबूत करने के लिए 11 वॉच टावर बनाए गए हैं और सुरक्षा के तहत 10 सैंड बैग बंकर भी तैयार रहेंगे। त्वरित आवाजाही और गश्त के लिए इलाके में 12 मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग टीम और 8 हाई रेडियो फ्रीक्वेंसी सिस्टम (एचआरएफएस) वैन तैनात की जाएंगी। सड़क मार्ग के साथ-साथ गंगा नदी में भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी, जहां सात रिवर पेट्रोलिंग टीमें तैनात रहेंगी। केवल रेड रोड ही नहीं, बल्कि भीड़भाड़ वाले प्रमुख पर्यटन स्थलों जैसे विक्टोरिया मेमोरियल और अलीपुर चिड़ियाखाना की सुरक्षा व्यवस्था भी कई गुना बढ़ा दी गई है। इसके अलावा शहर के विभिन्न शॉपिंग मॉल, पार्क और छोटे-बड़े होटलों में भी विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में शहर के प्रवेश मार्गों और प्रमुख चौराहों पर पुलिस की नाका चेकिंग शुरू हो चुकी है। बाहर से आने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए होटलों में भी सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।


Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in