

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : श्याम स्टील ग्रुप पश्चिम बंगाल में 15,000 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश के साथ राज्य के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने की तैयारी में है। समूह के निदेशक ललित बेरीवाला ने कहा कि यह निवेश केवल वित्तीय प्रतिबद्धता नहीं, बल्कि 'आत्मनिर्भर भारत' और 'विकसित पश्चिम बंगाल' के विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना के माध्यम से रोजगार सृजन, नवाचार और सतत विकास को बढ़ावा मिलेगा। समूह की तकनीकी विशेषज्ञता, वित्तीय क्षमता और औद्योगिक अनुभव पश्चिम बंगाल के औद्योगिक पुनर्जागरण में अहम भूमिका निभाएंगे।
बेरीवाला ने कहा कि विस्तारित इस्पात उत्पादन क्षमता के बाद श्याम स्टील देशभर में अपने 5,000 से अधिक अधिकृत डीलर नेटवर्क के माध्यम से संस्थागत और खुदरा ग्राहकों की बढ़ती मांग को बेहतर ढंग से पूरा कर सकेगा। समूह की इस्पात उत्पादन क्षमता बढ़कर 3.5 मिलियन टन प्रतिवर्ष (एमटीपीए) होने से देश के प्रमुख बुनियादी ढांचा और सरकारी क्षेत्रों को उच्च गुणवत्ता वाला इस्पात उपलब्ध कराया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि श्याम स्टील के उत्पाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई), ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन (ओएनजीसी), भारतीय रेल, रक्षा क्षेत्र, भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसीएल) और न्यूक्लियर पावर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआईएल) सहित कई प्रमुख सरकारी एवं आधारभूत संरचना संस्थानों की आवश्यकताओं को पूरा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कंपनी की गुणवत्ता, समय पर आपूर्ति और तकनीकी उत्कृष्टता के कारण देश के प्रतिष्ठित संस्थानों का उस पर भरोसा लगातार बढ़ा है। प्रस्तावित निवेश से शहरी एवं ग्रामीण आवास, लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, सड़क निर्माण, बंदरगाह, जेट्टी, वेयरहाउस, स्मार्ट सिटी और शहरी पुनरुद्धार जैसी परियोजनाओं के लिए उच्च गुणवत्ता वाले इस्पात की उपलब्धता भी सुनिश्चित होगी।
बेरीवाला ने विश्वास जताया कि यह निवेश पश्चिम बंगाल में औद्योगिक विकास को गति देने के साथ-साथ हजारों नए रोजगार के अवसर पैदा करेगा और राज्य की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगा।