8.53 करोड़ की ड्रग्स जब्त, 13 तस्कर गिरफ्तार

बंगाल एसटीएफ के एएनटीएफ ने पकड़ा
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त पश्चिम बंगाल अभियान’ के तहत राज्य पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने बड़ी कार्रवाई की है। पिछले 12 दिनों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने 13 कथित ड्रग तस्करों को गिरफ्तार कर करीब 8.53 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में 11 पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपी व्यावसायिक मात्रा में मादक पदार्थों की आपूर्ति करने वाले संगठित नेटवर्क से जुड़े थे। कार्रवाई के दौरान कुल 3.719 किलोग्राम हेरोइन/ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 7.43 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा पुलिस ने 18,620 याबा टैबलेट्स भी जब्त की हैं। मेथमफेटामाइन युक्त इन टैबलेट्स की अनुमानित कीमत करीब 1.08 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस तरह जब्त मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत 8.52 करोड़ रुपये है।

एएनटीएफ अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक पूछताछ में कथित अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों और आपूर्ति नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।

पुलिस का कहना है कि इन सुरागों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और मादक पदार्थों की बरामदगी के लिए आगे भी छापेमारी जारी रहेगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राज्य में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in