

रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM), कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सत्तारूढ़ गठबंधन के विधायकों ने LPG सिलेंडर संकट के विरोध में शुक्रवार को यहां झारखंड विधानसभा के बाहर प्रदर्शन किया। बैनर और पोस्टर लिए हुए इन विधायकों ने पश्चिम एशिया संघर्ष के मद्देनजर रसोई गैस की कथित कमी को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए।
विरोध प्रदर्शन के दौरान विधायकों ने जो पोस्टर ले रखे थे, उनपर लिखा था, ‘नरेन्द्र मोदी संसद से गायब हैं, सिलेंडर देश से गायब हैं।’ एक तख्ती पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और मोदी की तस्वीरें भी छपी थीं।
कांग्रेस विधायक दीपिका पांडे सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण गैस सिलेंडरों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा, अब तो LPG सिलेंडर बुक कराना भी मुश्किल हो गया है। यह सब केंद्र सरकार की नीतियों की विफलता के कारण है, जिससे आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ रही हैं।
JMM विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि महंगाई का बोझ सीधे तौर पर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर पड़ रहा है तथा उन्हें गैस सिलेंडर खरीदने के लिए घंटों लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है।
इससे पहले, राज्य की कृषि मंत्री और कांग्रेस नेता शिल्पी नेहा तिर्की रिक्शा पर बैठकर विधानसभा पहुंचीं। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी यह रिक्शा चला रहे थे।
अंसारी ने विधानसभा के बाहर कहा, LPG सिलेंडरों की कमी और पेट्रोलियम उत्पादों की बढ़ती कीमतों के कारण पूरे देश में संकट की स्थिति है। यहां तक कि राज्य की कृषि मंत्री को भी रिक्शा से विधानसभा आना पड़ा।