

चतरा : झारखंड के चतरा जिले में पिपरवार थाना क्षेत्र के चिरैयाटांड में गुरुवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में 4 किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना चिरैयाटांड़ क्षेत्र में पिपरवार-टंडवा रोड पर हुई। उन्होंने बताया कि किशोरों की उम्र 14 से 17 वर्ष के बीच थी और वे बाराडीह गांव से थे।
पिपरवार के थाना प्रभारी अधिकारी अभय कुमार ने बताया, यह दुर्घटना गुरुवार रात को हुई। स्कॉर्पियो कार बचरा से आ रही थी तभी एक मोटरसाइकिल उससे आमने-सामने जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि आसपास के लोगों ने तेज धमाके की आवाज सुनी और दौड़कर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि तीन किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथे किशोर ने आरआईएमएस-रांची ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
इस हादसे में मृतकों की पहचान विकास कुमार महतो(14), प्रताप कुमार महतो(13) तथा मंजीत कुमार महतो(14) और सोनू कुमार महतो(14) सभी निवासी बाराडीह गांव थाना पिपरवार के रूप में हुई है।
इस दुर्घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने पीड़ितों के परिजनों के लिए मुआवजे की मांग करते हुए पिपरवार–टंडवा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। लोगों ने घटना में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की।
इस घटना की सूचना मिलते ही पिपरवार थाना प्रभारी अभय कुमार मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त वाहन और चालक की पहचान में जुटी हुई है।