

रांचीः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन पहली बार दो दिवसीय झारखंड दौरे पर शनिवार को रांची पहुंचे। रांची एयरपोर्ट पर पार्टी के सांसदों, विधायकों और कई वरिष्ठ नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान पार्टी के पांच पूर्व मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी ने दौरे को खास बना दिया।
रांची पहुंचने के बाद नितिन नवीन ने भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर, आदिवासी नेता बिरसा मुंडा और वरिष्ठ भाजपा नेता कैलाशपति मिश्रा की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पहुंचकर विधायकों और सांसदों के साथ बैठक की अध्यक्षता की।
प्रदेश कार्यालय में हुई बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी राजनीतिक रणनीतियों और जनसंपर्क कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। माना जा रहा है कि बैठक में राज्यसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति पर भी मंथन हुआ।
दोपहर बाद नितिन नवीन ने भाजपा की राज्य कोर कमेटी के सदस्यों के साथ अलग बैठक की। इसमें संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर तक पार्टी की पकड़ बढ़ाने और आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
दौरे के दूसरे दिन नितिन नवीन बोकारो स्टील सिटी जाएंगे, जहां वे भाजपा कार्यकर्ता प्रीतम सिन्हा के आवास पर भी पहुंचेंगे। इस दौरान वे स्थानीय कार्यकर्ताओं और नेताओं से जमीनी स्तर पर संगठन की स्थिति को लेकर फीडबैक लेंगे।
इसके बाद वे ओरमांझी के कुचू स्थित प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के आवास पर भी जाएंगे। यहां राज्य और राष्ट्रीय नेतृत्व के बीच बेहतर तालमेल और संगठनात्मक मजबूती पर चर्चा होने की संभावना है।
रांची लौटने के बाद भाजपा अध्यक्ष जिला प्रभारियों, जिला अध्यक्षों, मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी सेल के प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त बैठक करेंगे। इसमें संगठनात्मक संवाद, प्रचार रणनीति और जमीनी स्तर पर पार्टी की मौजूदगी मजबूत करने पर फोकस रहेगा।
दौरे के दौरान नितिन नवीन लगातार बैठकों के माध्यम से पार्टी संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावी तैयारियों को गति देने पर जोर दे रहे हैं। माना जा रहा है कि यह दौरा झारखंड में भाजपा की रणनीतिक दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगा।