निशा भगत मौत मामला : CBI जांच के आदेश

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष करेंगी अधिकारियों से मुलाकात
निशा भगत
निशा भगत
Published on: 

रांची : राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष विजया रहाटकर निशा भगत मामले तथा महिलाओं की सुरक्षा एवं न्याय से जुड़े अन्य मामलों पर चर्चा के लिए बुधवार को रांची में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों से मुलाकात करेंगी।

आदिवासी कार्यकर्ता निशा भगत ने छह नवंबर को फेसबुक पर ‘लाइव’ आकर राज्य की झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाली सरकार और जमीन के दलालों पर उन्हें परेशान करने का आरोप लगाया था, जिसके बाद उन्होंने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी।

भगत के माता-पिता ने उनकी मौत के पीछे साजिश होने का आरोप लगाते हुए घटना की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से जांच कराए जाने की मांग की है।

आयोग ने एक बयान में कहा, राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर निशा भगत मामले तथा महिलाओं की सुरक्षा एवं न्याय से जुड़े अन्य मामलों को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। इसके बाद वह रांची विश्वविद्यालय के पास स्थित अतिथि गृह में मीडिया से बातचीत करेंगी।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भगत की मौत के मामले की मंगलवार को CBI जांच का आदेश दिया था। इससे कुछ घंटे पहले ही साजिश के आरोपों के बीच पिठोरिया थाने के प्रभारी को पद से हटा दिया गया था।

सोरेन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, निशा भगत मामले की जांच अब सीबीआई करेगी। इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं।

राष्ट्रीय महिला आयोग ने सात नवंबर को मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर जांच सुनिश्चित करने और मामले में की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट सात दिन में सौंपने का निर्देश दिया था।

भगत की मां देविका ने शनिवार को आरोप लगाया था कि आदिवासी नेता अजय तिर्की और उनके सहयोगियों के दबाव तथा धमकियों के कारण उनकी बेटी आत्महत्या करने के लिए मजबूर हुई थी।

निशा भगत
आदित्यपुर में काली पूजा पंडाल के पास युवक की गोली मारकर हत्या
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News