जमशेदपुर में कपड़ा शोरूम पर फायरिंग : कुख्यात मनीष सिंह गिरोह के 6 सदस्य गिरफ्तार

फिरौती और वर्चस्व के लिए चली गोलियां, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
पुलिस अधीक्षक (सिटी) ललित मीना व अन्य
पुलिस अधीक्षक (सिटी) ललित मीना व अन्य
Published on: 

जमशेदपुर : झारखंड के जमशेदपुर शहर में एक कपड़ा दुकान पर कथित तौर पर गोली चलाने वाले छह लोगों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से हथियार एवं गोला-बारूद बरामद किए गए।

पुलिस अधीक्षक (सिटी) ललित मीना ने बताया कि गोलीबारी की घटना 15 मई को हुई थी, जब कार में सवार पांच हथियारबंद लोगों ने कथित तौर पर जुगसालाई के टाउन काउंसिल मार्केट क्षेत्र में स्थित एक कपड़ा दुकान पर फिरौती की मांग पूरी न होने और इलाके में अपना वर्चस्व स्थापित करने के लिए गोलीबारी की थी।

उन्होंने बताया कि 17 मई को भारतीय न्याय संहिता (BNS) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पूर्वी सिंहभूम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे के निर्देश पर, आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस उपाधीक्षक (कानून व्यवस्था) तौकीर आलम के नेतृत्व में एक विशेष दल का गठन किया गया था।

मीना ने बताया कि तकनीकी जानकारी, प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों और CCTV फुटेज के आधार पर जांचकर्ताओं ने आरोपियों की पहचान कुख्यात अपराधी मनीष सिंह के नेतृत्व वाले गिरोह के सदस्यों के रूप में की।

एसपी ने बताया कि मंगलवार को मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी की और जुगसालाई और बर्मामाइंस इलाकों के विभिन्न स्थानों से अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ ​​आर्यन (24), राहुल सिंह उर्फ ​​बडकू (25), हरप्रीत सिंह भंवरा उर्फ ​​हैप्पी (21), राहुल सिंह उर्फ ​​गेटलू, बनेश्वर नमता उर्फ ​​मानस (45) और अंकित खटिक उर्फ ​​अंकित सोनकर (24) को गिरफ्तार किया। एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

पुलिस ने उनके द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर चार देशी पिस्तौल, पांच कारतूस, तीन खाली मैगजीन, एक खाली कारतूस, छह मोबाइल फोन और अपराध में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई कार बरामद की।

पुलिस ने बताया कि राहुल सिंह उर्फ ​​बडकू, हरप्रीत सिंह, अंकित सोनकर और बनेश्वर नमता का आपराधिक इतिहास रहा है। पड़ोसी जिले सरायकेला-खरसावां के निवासी नमता के खिलाफ सरायकेला-खरसावां और पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिलों के पुलिस थाने में पांच मामले लंबित हैं। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in