

रांची : झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए मतदान से कुछ दिन पहले राज्य में विपक्षी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के विधायकों को यहां एक होटल में ले जाया जा रहा है।
राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि NDA विधायक 18 जून को चुनाव की रणनीति बनाने के लिए बैठक करेंगे। यह पूछे जाने पर कि क्या विधायक दो दिनों तक होटल में ही रहेंगे, मरांडी ने कहा, हम बैठक करेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य की दो राज्यसभा सीटों में से एक पर भारतीय जनता पार्टी (BJP)-समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी की जीत पर विश्वास जताया। विजयी होने के लिए एक उम्मीदवार को प्रथम-वरीयता वाला न्यूनतम 28 वोट प्राप्त करना आवश्यक है।
सत्तारूढ़ पार्टी के एक विधायक ने कहा कि BJP-नीत NDA के पास नाथवानी को चुनाव में विजेता बनाने के लिए राज्य विधानसभा में पर्याप्त संख्या बल नहीं है, जब तक कि क्रॉस वोटिंग न हो।
झारखंड विधानसभा में ‘इंडिया’ गठबंधन के 56 सदस्य हैं, जिनमें JMM के 34, कांग्रेस के 16, RJD के चार और CPI (ML) लिबरेशन के दो सदस्य शामिल हैं।
राजग के कुल 24 विधायक हैं, जिनमें BJP के 21 तथा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (AJSU) पार्टी और जनता दल (यूनाइटेड) के एक-एक विधायक शामिल हैं। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा का भी एक विधायक है।
राज्य की एक राज्यसभा सीट JMM के सह-संस्थापक शिबू सोरेन के निधन के बाद रिक्त हुई थी। दूसरी सीट BJP सदस्य दीपक प्रकाश का कार्यकाल 21 जून को पूरा होने के कारण खाली हो रही है।