रसोई गैस महंगी होने पर महिला कांग्रेस का विरोध, कीमत वापस लेने की मांग

जंगलीघाट में नारेबाजी, केंद्र सरकार से तुरंत दाम कम करने की मांग
रसोई गैस महंगी होने पर महिला कांग्रेस का विरोध, कीमत वापस लेने की मांग
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में अंडमान एवं निकोबार प्रदेश महिला कांग्रेस ने 18 मार्च को जंगलीघाट क्षेत्र में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और गैस सिलेंडर के बढ़े दामों को तुरंत वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर एलपीजी गैस की कीमतों में हुई बढ़ोतरी का विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि रसोई गैस की कीमतों में हाल ही में प्रति सिलेंडर लगभग 60 रुपये की वृद्धि से आम लोगों, विशेषकर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ गया है। महिला कांग्रेस की नेताओं ने कहा कि महंगाई पहले ही आम जनता की कमर तोड़ चुकी है और ऐसे समय में गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ाना गरीब परिवारों के लिए बड़ी परेशानी खड़ी कर देगा। उनका कहना था कि कई परिवार पहले ही बढ़ती बेरोजगारी और गरीबी के कारण आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं, ऐसे में रसोई गैस महंगी होने से उनके लिए घर चलाना और भी मुश्किल हो जाएगा। प्रदर्शन का नेतृत्व अंडमान एवं निकोबार प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष जुबैदा बेगम ने किया।

इस दौरान अंडमान एवं निकोबार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रंगलाल हलदर सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा के निर्देश पर यह विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से मांग की कि एलपीजी सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों को तुरंत वापस लिया जाए ताकि आम जनता को राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही कीमतों में कटौती नहीं की, तो कांग्रेस पार्टी और महिला कांग्रेस आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज करेगी। महिला कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है और इसका सबसे ज्यादा असर गरीब और कमजोर वर्ग पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को आम जनता की समस्याओं को समझते हुए जल्द से जल्द राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in