पुरी
हरदीप सिंही पुरी

भारत के पास कई सप्ताह तक का तेल भंडार : हरदीप सिंह पुरी

ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य सागरीय परिवहन क्षेत्र बंद कर दिये जाने से भारत पर तत्काल असर नहीं
Published on

नयी दिल्ली : इजराइल और अमेरिका से जारी जंग के बीच ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य सागरीय परिवहन क्षेत्र बंद कर दिये जाने के ऐलान के बाद कई देशों को तेल की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। इसको लेकर केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने रविवार को कहा कि तीसरे सबसे बड़े तेल आयातक और चौथे सबसे बड़े गैस खरीदार भारत के पास कई हफ्तों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पर्याप्त ऊर्जा आपूर्ति है और उसे कई मार्गों से आपूर्ति प्राप्त हो रही है। मंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि सरकार पिछले दो सप्ताह से पश्चिम एशिया में बदलती भू-राजनीतिक स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में, हम पिछले कुछ वर्षों में अपनी आपूर्ति में विविधता लेकर आए हैं और अब हमारी आपूर्ति का एक बड़ा हिस्सा होर्मुज जलडमरूमध्य के माध्यम से नहीं आता है। होर्मुज जलडमरूमध्य पश्चिम एशिया से आने वाले तेल के लिए एक महत्वपूर्ण पारगमन मार्ग है, जिसे ईरान अपने परमाणु प्रतिष्ठानों पर अमेरिकी हमलों के बाद बंद करने की धमकी दे रहा है। पुरी ने कहा कि हमारी तेल विपणन कंपनियों के पास कई सप्ताह के लिए आपूर्ति है तथा उन्हें कई मार्गों से ऊर्जा आपूर्ति प्राप्त होती रहेगी। हम अपने नागरिकों को ईंधन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएंगे।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in