युद्ध खत्म करने के लिए रूस-यूक्रेन के बीच अमेरिका की मध्यस्थता में वार्ता

करीब चार घंटे चली पहले दिन की बातचीत समाप्त हो गई।
US-mediated talks between Russia and Ukraine to end the war
बैठक में शामिल रूस- यूक्रेन के साथ अमेरिकी प्रतिनिधि
Published on: 

अबू धाबी : रूस, यूक्रेन और अमेरिका के बीच युद्ध समाप्त करने के उद्देश्य से मंगलवार को संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में त्रिपक्षीय वार्ता हुई। करीब चार घंटे चली पहले दिन की बातचीत समाप्त हो गई। यूक्रेन की विदेश खुफिया सेवा के प्रेस कार्यालय के अनुसार, वार्ता बुधवार को फिर शुरू होगी। फरवरी के बाद दोनों देशों के बीच यह पहली ऐसी बैठक है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर और अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ ने बातचीत में मध्यस्थता की। कुशनर ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच मतभेद दूर करने के लिए कुछ अच्छे सुझाव सामने आए हैं। वार्ता में भविष्य की सुरक्षा व्यवस्था और स्थायी शांति की संभावनाओं पर चर्चा हुई। हालांकि, रूस और यूक्रेन की मांगों में बड़ा अंतर बना हुआ है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन चाहते हैं कि यूक्रेन चार क्षेत्रों से अपनी सेना हटाए और नाटो में शामिल होने की कोशिश छोड़े। वहीं, यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने क्षेत्र छोड़ने और सेना पर प्रतिबंध लगाने की मांग खारिज की है। यूक्रेन तत्काल युद्धविराम को बातचीत की पहली शर्त मानता है।

वार्ता के बीच रूस ने यूक्रेन पर किया हवाई हमला :

रूस ने मंगलवार तड़के यूक्रेन के 10 क्षेत्रों पर हवाई हमले किए। इसमें दो लोगों की मौत हो गई और पांच प्रमुख बिजली सबस्टेशन क्षतिग्रस्त हो गए। हमलों के कारण कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई। यूक्रेन के प्रधानमंत्री सेरही कोरेत्स्की ने बताया कि रूस ने पोल्तावा, निप्रोपेत्रोव्स्क, विनित्सिया और किरोवोग्राद क्षेत्रों के बिजली सबस्टेशनों को निशाना बनाया। विनित्सिया में दो लोगों की मौत हुई। सरकारी बिजली ग्रिड संचालक उक्रेनर्गो के अनुसार, आठ क्षेत्रों में ऊर्जा ढांचे पर हमले हुए और कीव, खारकीव समेत छह क्षेत्रों में घरों की बिजली गुल हो गई।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News