नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत अंडमान एवं निकोबार पूर्ण साक्षर केंद्र शासित प्रदेश घोषित

नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत अंडमान एवं निकोबार पूर्ण साक्षर केंद्र शासित प्रदेश घोषित
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह ने शिक्षा और सामाजिक विकास के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए नव भारत साक्षरता कार्यक्रम (न्यू इंडिया लिटरेसी प्रोग्राम) के अंतर्गत औपचारिक रूप से पूर्ण साक्षर केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा प्राप्त कर लिया है। नव भारत साक्षरता कार्यक्रम (न्यू इंडिया लिटरेसी प्रोग्राम) वयस्क शिक्षा योजना को वर्ष 2023–2024 के दौरान अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में विशेष और व्यवस्थित रणनीति के साथ लागू किया गया। इस दौरान द्वीपों के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक सर्वेक्षण किए गए, जिनके माध्यम से अशिक्षित वयस्कों की पहचान की गई। इसके बाद पात्र शिक्षार्थियों को निकटतम सामाजिक चेतना केंद्रों में नामांकित किया गया।

इन शिक्षार्थियों को समर्पित स्वयंसेवी शिक्षकों द्वारा आधारभूत साक्षरता और संख्यात्मकता (एफएलएन) का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसके बाद सभी नामांकित शिक्षार्थियों ने राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) द्वारा आयोजित आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता आकलन परीक्षा (एफएलएनएटी) में भाग लिया और सफलतापूर्वक उत्तीर्ण हुए। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के वयस्क शिक्षा ब्यूरो द्वारा किसी राज्य या केंद्र शासित प्रदेश को पूर्ण साक्षर घोषित करने के लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया निर्धारित की गई है। निर्धारित मानकों को प्राप्त करने और शिक्षा मंत्रालय द्वारा निर्धारित सभी शर्तों को पूरा करने के बाद अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के माननीय उपराज्यपाल ने 26 जनवरी 2026 को 77वें गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर अपने संबोधन के दौरान केंद्र शासित प्रदेश को औपचारिक रूप से पूर्ण साक्षर घोषित किया।

इस उपलब्धि के साथ अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह देश का तीसरा केंद्र शासित प्रदेश बन गया है, जिसे निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार पूर्ण साक्षर घोषित किया गया है। इससे पहले लद्दाख और चंडीगढ़ को यह दर्जा प्राप्त हो चुका है। यह महत्वपूर्ण उपलब्धि द्वीपवासियों के लिए गर्व का विषय है और यह शिक्षा विभाग, स्वयंसेवी शिक्षकों तथा इस अभियान से जुड़े सभी हितधारकों के सतत प्रयासों, सुविचारित योजना और समर्पण का परिणाम है, जिन्होंने साक्षरता के माध्यम से नागरिकों को सशक्त बनाने और जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।


संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in