श्रीलंका की जेल में झड़प के दौरान दो कैदियों की मौत, 15 घायल

पिछले 24 घंटे में इस तरह की यह दूसरी घटना
Two prisoners killed, 15 injured in Sri Lankan prison clash
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तैनात सेना
Published on

कोलंबो : श्रीलंका की एक जेल में शुक्रवार को हुई झड़प में दो कैदियों की मौत हो गई और 15 अन्य लोग घायल हो गए। श्रीलंका में पिछले एक महीने के दौरान कारागारों में हिंसा की इस प्रकार की कई घटनाएं हुई हैं। अधिकारियों के अनुसार, कुरुविटा जेल में हुई झड़प में दो कैदियों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य लोग घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। न्याय मंत्री हर्षणा नानायक्कारा ने संवाददाताओं को बताया कि अशांति की तत्काल वजह मादक पदार्थों वाला एक पैकेट बरामद होना और उसके बाद हुई गिरफ्तारी प्रतीत होती है। यह स्पष्ट है कि यह मादक पदार्थ के खिलाफ सरकार के अभियान की प्रतिक्रिया थी। उन्होंने कहा कि कोलंबो जेल की घटना में एक कैदी की मौत हुई, जबकि 11 अन्य लोग घायल हो गए। दोनों कारागारों में हुए उपद्रव पर सैनिकों की तैनाती के बाद काबू पा लिया गया है।

हालिया झड़प कोलंबो से करीब 60 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित कुरुविटा जेल में हुई और पिछले 24 घंटे में इस तरह की यह दूसरी घटना है। इससे पहले बृहस्पतिवार रात कोलंबो की मुख्य हिरासत जेल में भी इसी तरह तनावपूर्ण स्थिति पैदा हुई थी। इन घटनाओं से पहले पांच और छह जुलाई को नेगोंबो जेल में भी इसी तरह की हिंसा में 33 लोगों की मौत हो गई थी। महारा जेल में भी एक अगस्त को इसी तरह हिंसा हुई थी जिसमें एक कैदी की मौत हो गई थी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in