

अगरतला : दुर्गा पूजा से पहले त्रिपुरा सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों, श्रमिकों, पेंशनभोगियों और अन्य पात्र लाभार्थियों के लिए फेस्टिवल ग्रांट और फेस्टिवल एडवांस में बढ़ोतरी की घोषणा की है। वित्त मंत्री प्रणजीत सिंहा रॉय ने बुधवार को सचिवालय में इसकी जानकारी दी। सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए फेस्टिवल ग्रांट के मद में 47.16 करोड़ रुपये और फेस्टिवल एडवांस के लिए करीब 183.77 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
फेस्टिवल ग्रांट में 300 रुपये की बढ़ोतरी
वित्त मंत्री के अनुसार, पात्र श्रेणियों के लिए फेस्टिवल ग्रांट में पिछले वर्ष की तुलना में 300 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इससे करीब 2,34,417 कर्मचारी, श्रमिक, पेंशनभोगी और पारिवारिक पेंशनभोगी लाभान्वित होंगे। इनमें 1,48,531 कर्मचारी एवं श्रमिक तथा 85,916 पेंशनभोगी और पारिवारिक पेंशनभोगी शामिल हैं। ग्रुप-सी और ग्रुप-डी कर्मचारियों, फिक्स्ड-पे कर्मचारियों, पात्र दैनिक वेतनभोगियों, पेंशनभोगियों, पारिवारिक पेंशनभोगियों और सरकारी प्रबंधन वाले मंदिरों के पुजारियों के लिए ग्रांट 2,100 से बढ़ाकर 2,400 रुपये कर दी गई है। वहीं, पार्ट-टाइम, संविदा और कैजुअल कर्मचारियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं, होमगार्ड, एसपीओ तथा स्वास्थ्य विभाग के पात्र दैनिक वेतनभोगियों और कुछ संविदा कर्मियों को अब 2,610 रुपये मिलेंगे। पहले यह राशि 2,310 रुपये थी।
पीडब्ल्यूडी (डीडब्ल्यूएस) तथा आरडी (पंचायत) विभाग के पात्र पार्ट-टाइम और अनियमित पंप ऑपरेटरों के लिए ग्रांट 1,050 से बढ़ाकर 1,350 रुपये की गई है। बढ़ी हुई ग्रांट पर सरकार को करीब 6.14 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा।
नौ त्योहारों में किसी एक पर मिलेगा लाभ
सरकार के अनुसार पात्र लाभार्थी वित्त वर्ष के दौरान अधिसूचित नौ त्योहारों में से किसी एक के लिए फेस्टिवल ग्रांट का लाभ ले सकते हैं। इनमें दुर्गा पूजा, क्रिसमस, गरिया पूजा, बुद्ध पूर्णिमा, ईद-उल-जुहा, बंगाली नववर्ष, ईद-उल-फितर, गुरु नानक जयंती और महावीर जयंती शामिल हैं। फेस्टिवल ग्रांट प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन आवेदन की आवश्यकता नहीं होगी। हालांकि, केंद्र सरकार की योजनाओं के तहत कार्यरत कर्मचारियों के मामले में संबंधित प्रशासनिक विभाग पात्रता को लेकर निर्णय ले सकेंगे।
फेस्टिवल एडवांस अब 20 हजार रुपये
सरकार ने फेस्टिवल एडवांस की राशि में भी बड़ी बढ़ोतरी की है। नियमित ग्रुप-ए, बी, सी और डी कर्मचारियों, फिक्स्ड-पे कर्मचारियों तथा पात्र ग्रुप-सी और डी दैनिक वेतनभोगी कर्मियों को अब 20,000 रुपये का ब्याजमुक्त फेस्टिवल एडवांस मिलेगा। पहले संबंधित श्रेणियों में यह राशि 4,000 से 5,000 रुपये के बीच थी। सरकार के अनुसार करीब एक लाख कर्मचारी और अन्य पात्र श्रमिक इस सुविधा से लाभान्वित होंगे। फेस्टिवल एडवांस के लिए कुल करीब 183.77 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
आंगनवाड़ी और होमगार्ड भी पहली बार दायरे में
संशोधित व्यवस्था में पहली बार आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं और होमगार्ड को भी फेस्टिवल एडवांस के दायरे में लाया गया है। उन्हें 5,000 रुपये का ब्याजमुक्त एडवांस मिलेगा। वहीं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के माध्यम से मानदेय पाने वाली आशा कार्यकर्ताओं को 2,000 रुपये का एडवांस दिया जाएगा। फेस्टिवल एडवांस के लिए पात्र कर्मचारियों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। सरकार की ओर से इसके लिए नेक्स्टजेन एचआरएमएस पोर्टल के माध्यम से आवेदन की व्यवस्था की गई है। सरकार ने यह घोषणा ऐसे समय की है जब राज्य में दुर्गा पूजा और अन्य त्योहारों की तैयारियां शुरू हो रही हैं। बढ़ी हुई ग्रांट और ब्याजमुक्त एडवांस से कर्मचारियों, श्रमिकों और पेंशनभोगियों को त्योहारी खर्च के लिए अतिरिक्त वित्तीय सहायता मिलने की उम्मीद है।