पूरा विश्व भारत के आतंकवाद विरोधी अभियानों को सराह रहा है : शाह ने 26/11 की बरसी पर कहा

गौरतलब है कि 26 नवंबर 2008 को लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकवादी समुद्र के रास्ते मुंबई पहुंचे और 60 घंटे तक मुंबई को बंधक बनाने के दौरान उन्होंने 18 सुरक्षाकर्मियों सहित 166 लोगों की हत्या कर दी।
Amit Shah
Amit ShahAmit Shah
Published on: 

नई दिल्ली : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि मोदी सरकार की आतंकवाद को बिल्कुल न बर्दाश्त करने (जीरो-टॉलरेंस) की नीति स्पष्ट है और पूरा विश्व भारत के आतंकवाद रोधी अभियानों को सराह रहा है तथा उसे व्यापक समर्थन दे रहा है।

‘X’ पर पोस्ट कर 26/11हमले में प्राण गंवाने वाले जवानों को श्रद्धांजलि दी

मुंबई में 26/11 के आतंकवादी हमलों के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शाह ने ‘X’ पर एक पोस्ट में कहा कि आतंकवाद किसी एक देश के लिए नहीं, बल्कि पूरी मानव जाति के लिए बहुत बड़ा अभिशाप है। गृह मंत्री ने कहा, ‘वर्ष 2008 में आज ही के दिन आतंकियों ने मुंबई पर कायराना हमला कर वीभत्स और अमानवीय कृत्य किया था।’

उन्होंने कहा, ‘मुंबई आतंकी हमलों का डटकर सामना करते हुए अपना बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन करता हूं और इस कायराना हमले में अपनी जान गंवाने वाले सभी लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।’

मोदी सरकार की आतंक के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति

शाह ने कहा, ‘मोदी सरकार की आतंक के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति स्पष्ट है, जिसे पूरा विश्व सराह रहा है और भारत के आतंकवाद विरोधी अभियानों को व्यापक समर्थन दे रहा है।’ गौरतलब है कि 26 नवंबर 2008 को लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकवादी समुद्र के रास्ते मुंबई पहुंचे और 60 घंटे तक मुंबई को बंधक बनाने के दौरान उन्होंने 18 सुरक्षाकर्मियों सहित 166 लोगों की हत्या कर दी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News