इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीप पर भूस्खलन और बाढ़ से कम से कम 10 लोगों की मौत, 6 लापता

यह 17,000 द्वीपों का एक द्वीपसमूह है, जहां लाखों लोग पहाड़ी क्षेत्रों में या उपजाऊ मैदानों के पास रहते हैं।
इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीप पर भूस्खलन और बाढ़ से कम से कम 10 लोगों की मौत, 6 लापता
Published on: 

नई दिल्ली : इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीप पर मूसलाधार बारिश से अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई है और छह अन्य लापता हैं। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

राष्ट्रीय पुलिस ने एक बयान में कहा कि पिछले सप्ताह हुई मानसूनी बारिश के कारण नदियां उफान पर आ गईं। इसके बाद बाढ़ से इलाके में तबाही मच गई। इस घटना के बाद बचाव दल, उत्तरी सुमात्रा प्रांत के छह जिलों में प्रभावित इलाकों तक पहुंचने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

2,000 घर और इमारतें जलमग्न

बयान में कहा गया है कि बुधवार तक बचाव कर्मियों ने सबसे अधिक प्रभावित शहर सिबोल्गा से कम से कम पांच शव और तीन घायल लोगों को निकाला है और वे चार लापता ग्रामीणों की तलाश में जुटे हुए हैं। वहीं पड़ोसी जिले मध्य तपनौली में, भूस्खलन के कारण एक ही परिवार के कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। बाढ़ के चलते करीब 2,000 घर और इमारतें जलमग्न हो गईं।

आपातकालीन आश्रय स्थल

इस आपदा के कारण दक्षिण तपनौली जिले में पेड़ उखड़ गए जिससे एक ग्रामीण की मौत हो गई। सिबोल्गा के पुलिस प्रमुख एडी इंगंटा ने बताया कि आपातकालीन आश्रय स्थल स्थापित किए गए हैं और अधिकारियों ने उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों के निवासियों से तत्काल सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए अनुरोध किया है।

अक्टूबर से मार्च तक भारी मौसमी बारिश के कारण इंडोनेशिया में अक्सर भूस्खलन और बाढ़ आती हैं। यह 17,000 द्वीपों का एक द्वीपसमूह है, जहां लाखों लोग पहाड़ी क्षेत्रों में या उपजाऊ मैदानों के पास रहते हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News