ग्राम पंचायत हरिनगर के प्रधान ने मुख्य सचिव से की मुलाकात

ग्राम पंचायत हरिनगर के प्रधान ने मुख्य सचिव से की मुलाकात
Published on

स्टाफ, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाए

श्री विजयपुरम :

28 अप्रैल 2026 को ग्राम पंचायत हरिनगर के प्रधान मनोजीत हलदर ने अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के मुख्य सचिव डॉ. चंद्र भूषण कुमार, आईएएस से मुलाकात कर क्षेत्र के निवासियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा।

बैठक में प्रशासनिक स्टाफ की कमी, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, स्थानीय आजीविका को समर्थन और लंबित आधारभूत परियोजनाओं पर चर्चा की गई। प्रधान ने प्रस्तावित स्थानांतरण सूची में पंचायत सचिव के ट्रांसफर पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पंचायत पहले से ही पिछले तीन वर्षों से ग्राम स्तरीय कार्यकर्ता के बिना कार्य कर रही है और एक मल्टी-टास्किंग स्टाफ भी पिछले वर्ष चिकित्सा कारणों से स्थानांतरित हो चुका है।

उन्होंने कहा कि ऐसे में बिना वैकल्पिक व्यवस्था के सचिव का स्थानांतरण पंचायत कार्यों को गंभीर रूप से प्रभावित करेगा और इस निर्णय को रोकने की मांग की।

स्वास्थ्य सेवाओं के संदर्भ में उन्होंने पीएचसी बिलीग्राउंड में दो डायलिसिस मशीन स्थापित करने की मांग रखी, क्योंकि वर्तमान में मरीजों को 28 से 33 किलोमीटर दूर जिला अस्पताल या सीएचसी रंगत जाना पड़ता है।

मत्स्य क्षेत्र को सशक्त करने के लिए मुख्यभूमि से मछली बीज उपलब्ध कराने की मांग भी की गई। साथ ही बिलीग्राउंड और अन्य क्षेत्रों में शौचालय निर्माण जैसी परियोजनाओं में देरी पर चिंता जताई गई।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मुख्य सचिव ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।


logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in