जापान की बुलेट ट्रेन में शुरू होगी 'सुप्रीम क्लास', निजी केबिन और लग्जरी सफर का होगा अनुभव

टोकेडो-सान्यो शिंकानसेन नेटवर्क पर 1 अक्टूबर 2026 से शुरू होने वाली ‘सुप्रीम क्लास’ बिजनेस यात्रियों, पर्यटकों और निजी यात्रा करने वालों के लिए आराम और उच्चस्तरीय सेवाओं का नया मानक बनेगी
यात्रियों को मिलेगा निजी केबिन और लग्जरी सफर का अनुभव
जापान की बुलेट ट्रेन में शुरू होगी 'सुप्रीम क्लास'
Published on

टोक्यो : दुनिया की सबसे तेज और समयनिष्ठ बुलेट ट्रेनों के लिए मशहूर जापान अब यात्रियों को और भी शानदार यात्रा अनुभव देने जा रहा है। जापान रेलवे (JR West) ने घोषणा की है कि 1 अक्टूबर 2026 से टोकेडो-सान्यो शिंकानसेन नेटवर्क पर नई प्रीमियम श्रेणी 'सुप्रीम क्लास' शुरू की जाएगी। यह मौजूदा ग्रीन कार से भी अधिक आरामदायक और लग्जरी सुविधाओं वाली श्रेणी होगी।

कंपनी के अनुसार, सुप्रीम क्लास को बिजनेस यात्रियों, पर्यटकों और निजी यात्रा करने वाले लोगों की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य यात्रियों को अधिक गोपनीयता, आराम और उच्च स्तर की सेवाएं उपलब्ध कराना है।

निजी केबिन में मिलेगा होटल जैसा अनुभव

शुरुआत में सुप्रीम क्लास में दो तरह की सुविधाएं दी जाएंगी। पहली पूरी तरह निजी केबिन, जिसकी शुरुआत अक्टूबर 2026 में होगी, जबकि दूसरी सेमी-प्राइवेट प्रीमियम सीट 2027 में शुरू की जाएगी।

कार-7 में दो यात्रियों के लिए बड़ा निजी केबिन होगा, जिसमें सोफा शैली की सीटें होंगी।

कार-10 में एक यात्री के लिए विशेष निजी केबिन उपलब्ध होगा।

मिलेंगी ये खास सुविधाएं

सुप्रीम क्लास के प्रत्येक केबिन में यात्रियों को कई प्रीमियम सुविधाएं मिलेंगी, जिनमें शामिल हैं

  • इलेक्ट्रॉनिक लॉक वाला निजी केबिन

  • प्रीमियम रिक्लाइनिंग सीट और लेग रेस्ट

  • व्यक्तिगत लाइट और तापमान नियंत्रित करने की सुविधा

  • समर्पित हाई-स्पीड वाई-फाई

  • टैबलेट के जरिए भोजन और अन्य सेवाओं का ऑर्डर

  • यात्रा के दौरान मुफ्त भोजन और पेय

  • ब्लूटूथ स्पीकर, बड़ा वर्क टेबल और सामान रखने की अलग जगह

  • पारंपरिक जापानी हस्तशिल्प से सजा आकर्षक इंटीरियर

  • दुनिया की पहली 5G ग्लास एंटीना तकनीक से बेहतर नेटवर्क सुविधा

कब शुरू होगी सेवा और कैसे होगी बुकिंग?

सुप्रीम क्लास की पहली सेवा 1 अक्टूबर 2026 को नोजोमी नंबर-1 ट्रेन में टोक्यो से सुबह 6 बजे शुरू होगी। टिकटों की बुकिंग 15 सितंबर 2026 से एक्सप्रेस रिजर्वेशन और स्मार्ट EX प्लेटफॉर्म के माध्यम से की जा सकेगी।

कितना होगा किराया?

सुप्रीम क्लास का किराया सामान्य श्रेणियों की तुलना में काफी अधिक होगा।

टोक्यो-नागोया : 32,440 से 46,840 येन

टोक्यो-शिन-ओसाका : 42,100 से 60,500 येन

टोक्यो-हिरोशिमा : 59,640 से 86,240 येन

टोक्यो-हाकाता : 63,620 से 90,220 येन (सबसे महंगा मार्ग)

यह नई सेवा शुरुआती चरण में N700S शिंकानसेन ट्रेनों में उपलब्ध होगी। पहले चरण में प्रतिदिन दोनों दिशाओं को मिलाकर करीब 12 सुप्रीम क्लास सेवाएं संचालित करने की योजना है। इसके जरिए जापान हाई-स्पीड रेल यात्रा को और अधिक आरामदायक, निजी और प्रीमियम बनाने की दिशा में एक नया कदम उठाने जा रहा है।

यात्रियों को मिलेगा निजी केबिन और लग्जरी सफर का अनुभव
फिलीपींस में फिर कांपी धरती, 6.7 तीव्रता के भूकंप से दहशत
Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in