1.7 करोड़ की 17 हजार याबा टैबलेट जब्त

1.7 करोड़ की 17 हजार याबा टैबलेट जब्त
Published on

गुवाहाटी : असम के श्रीभूमि जिले में पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया गया है। सुरक्षा बलों ने जिले के गंगपार इलाके में तस्करों द्वारा लावारिस छोड़ दी गई 17,000 याबा टैबलेट जब्त की हैं। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 1.7 करोड़ रुपये बताई गई है। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को सोशल मीडिया के जरिए इस कार्रवाई की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि बीएसएफ और श्रीभूमि थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर गंगपार इलाके में तलाशी अभियान चलाया था। इसी दौरान एक स्थान पर लावारिस हालत में याबा टैबलेट का बड़ा जखीरा बरामद हुआ। 

तस्कर मौके से फरार

मुख्यमंत्री ने बताया कि सुरक्षा बलों की कार्रवाई की भनक लगते ही मादक पदार्थ की तस्करी में शामिल व्यक्ति या तस्कर मौके से फरार हो गया। हालांकि, वह बड़ी मात्रा में याबा टैबलेट अपने साथ ले जाने में सफल नहीं हो सका। बरामद 17,000 टैबलेट को पुलिस ने जब्त कर लिया है।

आरोपियों की तलाश में जांच जारी

पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में याबा टैबलेट कहां से लाई गई थीं और इन्हें किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। फरार तस्कर और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है। असम में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। श्रीभूमि में हुई इस कार्रवाई को भी इसी अभियान की एक कड़ी माना जा रहा है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in