

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : ग्राम पंचायत हरिनगर के प्रधान मनोजीत हलदार ने शनिवार को एपीडब्ल्यूडी स्वदेश नगर एनएसीडी-III साइट कार्यालय में अंडमान एवं निकोबार प्रशासन के अधीक्षण अभियंता एस. तेज बहादुर से मुलाकात की। इस बैठक में ग्राम पंचायत हरिनगर के महत्वपूर्ण ग्रामीण सड़क अवसंरचना परियोजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन को लेकर चर्चा की गई। बैठक के दौरान हलदार ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अंडमान ट्रंक रोड से हरिनगर-6 स्थित श्री पंचू गोपाल दास के आवास तक सड़क निर्माण कार्य के सफलतापूर्वक पूरा होने से स्थानीय लोगों को काफी लाभ मिला है। इसके बाद हलदार ने नए ग्रामीण सड़क परियोजनाओं से संबंधित सार्वजनिक मांगों की एक विस्तृत सूची प्रस्तुत करते हुए विभाग से निविदा प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने की मांग की। अधीक्षण अभियंता के समक्ष रखी गई प्रमुख मांगों में हरिनगर-5 क्षेत्र में जोशना दास के घर से श्री सी.एम. अधिकारी के घर तक सड़क निर्माण हेतु तत्काल निविदा जारी करने की मांग शामिल रही। इसके अलावा पिनाकीनगर गांव से कमलापुर गांव को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण ग्रामीण सड़क परियोजना के लिए जल्द निविदा प्रक्रिया शुरू करने की मांग की गई, जिससे क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था को मजबूत किया जा सके। हरिनगर-4 में नानी कर्मकार के घर से कब्रिस्तान तक ग्रामीण सड़क निर्माण के लिए भी तत्काल निविदा जारी करने की मांग की गई। हलदार ने बताया कि इस मार्ग पर लगभग 15 वर्ष पहले पुल का निर्माण किया गया था, लेकिन उससे जुड़ी सड़क अब तक अधूरी है। हरिनगर-6 में पुलिस बूथ से नानी कर्मकार के घर तक चल रहे सड़क कार्य को लेकर उन्होंने एक महत्वपूर्ण तकनीकी मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि हरिनगर-6 स्थित खदान क्षेत्र से नानी कर्मकार के घर तक भारी वाहनों का दबाव रहता है, जिससे सामान्य सड़क निर्माण टिकाऊ नहीं होगा। उन्होंने सड़क के समीप गैबियन संरचना के निर्माण तथा शेष हिस्से को सीमेंट कंक्रीट (सीसी) सड़क के रूप में विकसित करने की सिफारिश की। इसके अतिरिक्त केंद्रीय सड़क निधि के तहत के.के. रॉय के घर से एन.एन. रॉय के घर तक स्वीकृत सड़क निर्माण कार्य को भी जल्द शुरू करने की मांग की गई। अधीक्षण अभियंता एस. तेज बहादुर ने जन समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा आश्वासन दिया कि प्रशासन इन इंजीनियरिंग आवश्यकताओं पर आवश्यक कार्रवाई करेगा और प्रस्तावित परियोजनाओं की निविदा प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी।