

हिंदू राष्ट्र शक्ति के अंग्शुमान रॉय का विस्तृत ज्ञापन
सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर स्थिति को लेकर हिंदू राष्ट्र शक्ति के प्रदेश युवा अध्यक्ष अंग्शुमान रॉय ने सांसद, उपराज्यपाल, मुख्य सचिव सहित केंद्र और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा है। अपने पत्र में कहा कि जीबी पंत अस्पताल सहित विभिन्न सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है, जो वास्तविकता में गंभीर कुप्रबंधन और जवाबदेही की कमी को दर्शाती है। रक्त बैंक में कर्मचारियों की भारी कमी है, जिससे आईसीयू में समय पर रक्त उपलब्ध कराने में देरी हो रही है और मरीजों की जान जोखिम में पड़ रही है। उन्होंने बताया कि आईसीयू में उपकरण पुराने और खराब हैं, वेंटिलेटर की कमी है तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता भी नियमित नहीं है। ऑक्सीजन सिलेंडरों की अनियमित आपूर्ति ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। उन्होंने कुछ चिकित्सा कर्मचारियों की लापरवाही और जवाबदेही की कमी पर भी चिंता व्यक्त की। पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ संसाधनों का दुरुपयोग हो रहा है, जबकि ईमानदार डॉक्टरों को अनावश्यक दबाव और उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है, जिससे वे निराश होकर इस्तीफा देने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले तीन वर्षों में स्वास्थ्य आयुक्त द्वारा किसी अस्पताल का निरीक्षण नहीं किया गया, जिससे स्थिति और खराब हुई है। उन्होंने उच्चस्तरीय जांच, कर्मचारियों की नियुक्ति, उपकरणों की उपलब्धता, जवाबदेही तय करने और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।