

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम - उत्तर एवं मध्य अंडमान जिला पुलिस ने नशे के विरुद्ध लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत हाल ही में दो अलग-अलग कार्रवाइयों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
विश्वसनीय सूचना के आधार पर डिगलीपुर थाने के प्रभारी उपनिरीक्षक मोहम्मद रफीक के नेतृत्व में पुलिस दल ने सुभाषग्राम के समीप एक व्यक्ति को रोका और उसकी तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लगभग 104 ग्राम संदिग्ध गांजा बरामद किया। वहीं दूसरी कार्रवाई सागर द्वीप क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस ने एक निवासी के घर के पीछे उगाए गए गांजे के चार संदिग्ध पौधे बरामद किए।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उनके विरुद्ध डिगलीपुर थाने में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है। जांच का उद्देश्य बरामद मादक पदार्थ के स्रोत का पता लगाना तथा इस गतिविधि में शामिल अन्य लोगों की पहचान करना है।
उत्तर एवं मध्य अंडमान जिला पुलिस ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति जारी रहेगी। खुफिया जानकारी के आधार पर अभियान तथा कड़ी कानूनी कार्रवाई पूरे जिले में लगातार जारी रखी जाएगी।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे मादक पदार्थों से संबंधित गतिविधियों की जानकारी आपातकालीन दूरभाष संख्या 100 या 112 अथवा निकटतम पुलिस थाने को दें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले व्यक्तियों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा उपयोगी और कार्रवाई योग्य सूचना देने वालों को उचित पुरस्कार भी दिया जाएगा।