

इस्लामाबाद : पाकिस्तान के सेना प्रमुख और रक्षा बलों के प्रमुख फील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर ने देश से आतंकवाद का पूरी तरह सफाया करने का संकल्प दोहराया है। शुक्रवार को खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के उत्तर वजीरिस्तान स्थित मीरानशाह के दौरे के दौरान उन्होंने सुरक्षा बलों की तैयारियों की समीक्षा की। सेना की मीडिया शाखा आईएसपीआर के अनुसार, मुनीर ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय कर आतंकवाद को निर्णायक रूप से खत्म करने और क्षेत्र में शांति बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने खैबर पख्तूनख्वा पुलिस के साहस और बलिदान की सराहना की। उन्हें सुरक्षा स्थिति, खुफिया सूचनाओं के आधार पर जारी अभियानों और आतंकवाद विरोधी कार्रवाई की जानकारी दी गई। उन्होंने जवानों की पेशेवर दक्षता और प्रतिबद्धता की प्रशंसा की। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में लगातार आतंकवाद विरोधी अभियान चलाए जा रहे हैं। आईएसपीआर के अनुसार, हालिया अभियानों में उत्तर वजीरिस्तान और बलूचिस्तान में एक मेजर समेत चार सुरक्षाकर्मी मारे गए, जबकि 24 आतंकवादी ढेर किए गए। पिछले सप्ताह भी दोनों प्रांतों में 74 आतंकवादी मारे गए थे।