

आइजोल : मिजोरम में पर्यटन को बढ़ावा देने और राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया के पर्यटकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से तीन दिवसीय एंथुरियम महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह महोत्सव 1 से 3 अक्टूबर तक ममित जिले के रीएक और ऐलावंग में आयोजित होगा। महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा बुधवार को मिजोरम के पर्यटन मंत्री लालघिंगलोवा हमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में की गई। मंत्री ने कहा कि राज्य में पर्यटन गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी लाभ मिल रहा है। दुकानदारों, टैक्सी संचालकों, चाय की दुकानों और अन्य छोटे कारोबारियों को इससे फायदा पहुंच रहा है।
ट्रेकिंग से लेकर गुफा भ्रमण तक होंगे कार्यक्रम
अधिकारियों के अनुसार, तीन दिवसीय महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक, मनोरंजक और साहसिक गतिविधियों की विस्तृत श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इनमें ट्रेकिंग, गुफा भ्रमण, शूटिंग प्रतियोगिता, पारंपरिक मिजो खेल और बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियां शामिल हैं। पर्यटक खुआंगचेरा पुक, थावंगपावंगा पुक और न्गातेई पुक जैसी गुफाओं का भी भ्रमण कर सकेंगे। इसके अलावा फूलों के बगीचों और एंथुरियम की खेती वाले क्षेत्रों को भी महोत्सव का हिस्सा बनाया जाएगा।
मिजो कलाकार देंगे प्रस्तुति
महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संगीत प्रस्तुतियां भी होंगी। लोकप्रिय मिजो कलाकार लेइकापुई नाइट के दौरान प्रस्तुति देंगे। समापन समारोह के अवसर पर एक भव्य कॉन्सर्ट का भी आयोजन प्रस्तावित है। तैयारी बैठक में यंग मिजो एसोसिएशन (YMA), रीएक और ऐलावंग के सामुदायिक नेताओं, जो एंथुरियम ग्रोवर सोसाइटी, कार्यक्रम प्रबंधकों तथा मिजो इंडिजिनस गेम्स आयोजन समिति के प्रतिनिधियों के अलावा विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में पर्यटकों की आवाजाही, परिवहन और यातायात प्रबंधन पर भी चर्चा की गई। महोत्सव के दौरान रीएक मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पर्यटकों और नियमित यात्रियों के लिए यात्रा परामर्श जारी करने का प्रस्ताव भी रखा गया है। एंथुरियम महोत्सव के जरिए मिजोरम सरकार फूलों की खेती, स्थानीय संस्कृति और प्राकृतिक पर्यटन को एक साथ बढ़ावा देने की दिशा में प्रयास कर रही है। भारत सरकार के पर्यटन पोर्टल के अनुसार भी यह महोत्सव एंथुरियम फूल और मिजोरम के प्राकृतिक आकर्षणों को पर्यटन से जोड़ने वाला आयोजन है।