

नई दिल्ली -मेघालय : मेघालय की यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (UDP) के आठ विधायक बुधवार को नई दिल्ली स्थित BJP मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। इस घटनाक्रम को मेघालय की राजनीति में महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। BJP में शामिल होने वाले UDP विधायकों में लाखमेन रिम्बुई, पायस मारवेन, काइरमेन श्यल्ला, मायरालबोर्न सिएम, मैथ्यू कुर्बाह, ओलन सिंह सुइन, बालाजीद कुपर सिनरेम और सिनशर कुपर रॉय शामिल हैं।
मोदी सरकार के काम से प्रभावित : रिजिजू
UDP विधायकों का BJP में स्वागत करते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर और मेघालय में हो रही प्रगति से प्रभावित होकर इन विधायकों ने BJP में शामिल होने का निर्णय लिया है। BJP मुख्यालय में आयोजित संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में रिजिजू ने कहा कि यह घटनाक्रम केवल पूर्वोत्तर ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सभी आठ विधायक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और BJP के नेतृत्व वाली NDA सरकार के कामकाज से काफी प्रभावित थे और इसी कारण उन्होंने BJP में शामिल होने का फैसला किया।
संबित पात्रा ने बताए आठ विधायकों के नाम
संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में BJP सांसद और पूर्वोत्तर राज्यों के लिए पार्टी के समन्वयक संबित पात्रा ने BJP में शामिल हुए आठों UDP विधायकों के नामों की घोषणा की। पात्रा ने कहा कि पार्टी इन विधायकों के साथ पिछले कुछ समय से बातचीत कर रही थी। आठ विधायकों के BJP में शामिल होने से मेघालय की सियासत में नए राजनीतिक समीकरण बनने की संभावना है। हालांकि, इस घटनाक्रम के बाद राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और विभिन्न दलों के बीच समीकरणों पर इसका प्रभाव आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।