

इंफाल : मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियाई खेल 2026 में रजत पदक जीतकर लौटीं वेटलिफ्टर साइखोम मीराबाई चानू और वुशु खिलाड़ी नाओरेम रोशिबिना देवी का सम्मान किया। मुख्यमंत्री सचिवालय में आयोजित समारोह में दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए खेमचंद सिंह ने राज्य में खेल बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इम्फाल शहर में लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किए जाने चाहिए। इससे ग्रामीण इलाकों के खिलाड़ियों को अपने घर के नजदीक आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी और उन्हें प्रशिक्षण के लिए इम्फाल पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
कानून-व्यवस्था बेहतर होने पर बढ़ेगी सहायता
खेमचंद सिंह ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहतर होने पर सरकार अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर मणिपुर का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को दी जाने वाली सहायता राशि बढ़ाने में सक्षम होगी। उन्होंने स्थानीय क्लबों और सिविल सोसाइटी संगठनों की भूमिका की भी सराहना की और कहा कि ये संस्थाएं युवा खिलाड़ियों के सपनों को पूरा करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। एक ही खेल के लिए एक से अधिक फेडरेशन या एसोसिएशन होने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे खिलाड़ियों के चयन में कठिनाई आती है और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी प्रभावित हो सकती है।
एशियाई खेल पदक विजेताओं के इनाम बढ़े
मुख्यमंत्री ने बताया कि एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए राज्य सरकार ने नकद पुरस्कार बढ़ाए हैं। नए प्रोत्साहन के तहत स्वर्ण पदक विजेता को 25 लाख, रजत पदक विजेता को 20 लाख, कांस्य पदक विजेता को 15 लाख और प्रतियोगी को 5 लाख रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने संबंधित मंत्री और अधिकारियों के साथ चर्चा के बाद कहा कि जल्द ही राज्य सरकार और अकादमी के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। मीराबाई चानू ने महिलाओं की 48 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग और रोशिबिना देवी ने महिलाओं की सांडा 60 किलोग्राम श्रेणी में रजत पदक जीता। दोनों खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किए जाने पर खुशी जताई और मणिपुर के लोगों से मिले प्यार एवं समर्थन को भविष्य के प्रयासों के लिए प्रेरणादायक बताया।