

नई दिल्ली: रेलवे टिकट बुकिंग के दौरान वेबसाइट हैंग होने, लॉगिन फेल होने और कैप्चा की जटिल प्रक्रिया से परेशान यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। भारतीय रेलवे जल्द ही IRCTC का नया और अत्याधुनिक ऑनलाइन टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म लॉन्च करने जा रहा है। रेल मंत्री ने घोषणा की है कि 15 जुलाई तक नई वेबसाइट शुरू कर दी जाएगी, जिससे टिकट बुकिंग पहले की तुलना में अधिक तेज, सरल और यूजर-फ्रेंडली होगी।
यह फैसला जयपुर में छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम के दौरान सामने आया, जहां एक छात्रा ने सीधे रेल मंत्री के सामने IRCTC वेबसाइट की तकनीकी समस्याओं का मुद्दा उठाया।
राजस्थान के जयपुर स्थित मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT) में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान एक छात्रा ने रेल मंत्री को बताया कि ऑनलाइन टिकट बुकिंग के समय IRCTC की वेबसाइट अक्सर धीमी पड़ जाती है या हैंग हो जाती है। उसने विशेष रूप से कैप्चा प्रक्रिया और टिकट बुकिंग के दौरान आने वाली तकनीकी बाधाओं का जिक्र किया।
शिकायत सुनते ही रेल मंत्री ने मौके से ही संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया और नई वेबसाइट तैयार करने की समयसीमा पर चर्चा की। अधिकारियों से सकारात्मक जवाब मिलने के बाद उन्होंने घोषणा की कि 15 जुलाई तक नया पोर्टल यात्रियों के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा।
रेल मंत्रालय के अनुसार, नया प्लेटफॉर्म आधुनिक तकनीक से लैस होगा और मौजूदा वेबसाइट की कमियों को दूर करने पर फोकस करेगा।
इसमें टिकट बुकिंग प्रक्रिया पहले से तेज होगी। साथ ही बेहतर सर्वर क्षमता, आसान और सरल यूजर इंटरफेस, कैप्चा प्रक्रिया को अधिक सहज बनाना, लॉगिन और पेमेंट फेल होने की घटनाओं में कमी, भारी ट्रैफिक के दौरान बेहतर प्रदर्शन, मोबाइल और डेस्कटॉप दोनों के लिए बेहतर अनुभव और तत्काल टिकट बुकिंग में सबसे ज्यादा राहत मिल सकती है।
संवाद कार्यक्रम के दौरान एक अन्य छात्र ने ट्रेनों में महिलाओं के लिए बेबी फीडिंग रूम की व्यवस्था का सुझाव दिया। रेल मंत्री ने इस सुझाव को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को इसे रिकॉर्ड करने और व्यवहारिकता पर काम करने के निर्देश दिए।
यदि यह प्रस्ताव लागू होता है तो भविष्य में लंबी दूरी की ट्रेनों में महिलाओं और शिशुओं के लिए विशेष सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं।
IRCTC देश का सबसे बड़ा ऑनलाइन रेलवे टिकटिंग प्लेटफॉर्म है। कंपनी के आंकड़ों के अनुसार प्रतिदिन औसतन 14.5 लाख से अधिक टिकटों की बुकिंग इसी प्लेटफॉर्म के जरिए होती है।
त्योहारी सीजन, छुट्टियों और तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान यह संख्या और बढ़ जाती है, जिससे तकनीकी दबाव भी बढ़ता है। ऐसे में नई वेबसाइट रेलवे की डिजिटल सेवाओं को और मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।