

बिश्केक : चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने मंगलवार को शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सदस्यों से सुरक्षा को मुख्य प्राथमिकता बनाने और आतंकवाद, अलगाववाद, चरमपंथ, सीमा-पार से होने वाले संगठित अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी और दूरसंचार के जरिये होने वाली धोखाधड़ी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आह्वान किया।
किर्गिस्तान की राजधानी में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए शी ने कहा, ‘‘हमें सुरक्षा को एक मुख्य लक्ष्य मानते हुए उस पर काम करते रहना चाहिए और साझा सुरक्षा का माहौल बनाना चाहिए। हमें पारंपरिक और गैर-पारंपरिक सुरक्षा खतरों से निपटने के लिए मिलकर कदम उठाने चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमें आतंकवाद, अलगाववाद और चरमपंथ, सीमा-पार संगठित अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी और दूरसंचार के जरिये होने वाली धोखाधड़ी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।’’ शी ने परमाणु सुरक्षा और संरक्षा के लिए बहुपक्षीय साझेदारी की जरूरत के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, ‘‘हम परमाणु सुरक्षा के लिए एक समझदारी भरे, समन्वित और संतुलित नजरिए में विश्वास करते हैं और परमाणु सुरक्षा के लिए मजबूत बहुपक्षीय साझेदारी का समर्थन करते हैं।’’ वहीं उन्होंने अमेरिका की परोक्ष रूप से आलोचना करते हुए कहा कि हमें बाहरी ताकतों को हमारे आंतरिक मामलों में दखल देने, हमारी राजनीतिक सुरक्षा को खतरे में डालने और क्षेत्रीय स्थिरता को कमजोर करने से रोकना होगा।