

नयी दिल्ली-पटना : जनता दल (यूनाइटेड) ने बिहार के एक ‘विफल’ राज्य से ‘विकसित राज्य बनने की दिशा में अग्रसर’ प्रदेश के रूप में कायापलट करने का श्रेय पार्टी अध्यक्ष नीतीश कुमार को दिया। देश में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री पद पर रहे नेताओं में शामिल कुमार करीब 20 वर्षों तक इस पद पर रहने के बाद हाल में राज्यसभा के सदस्य बने और उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सम्राट चौधरी को राज्य की बागडोर सौंपी।
जद(यू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने बातचीत में कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व के 20 वर्ष बिहार के इतिहास में एक असाधारण कालखंड रहा। उन्होंने दावा किया कि पहले बिहार में न के बराबर उद्योग और रोजगार के अवसर थे, जबकि कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण से बाहर थी। लोग रोजगार और आजीविका की तलाश में, यहां तक कि अपनी जान बचाने के लिए भी राज्य छोड़ने को मजबूर थे।
प्रसाद ने कहा, ‘उन परिस्थितियों से निकलकर बिहार आज ऐसे मुकाम पर पहुंच गया है, जहां दुनियाभर के औद्योगिक समूह राज्य में निवेश करने के इच्छुक हैं।’ यह अवसर नीतीश कुमार को बिहार के ‘अब तक के सबसे महान मुख्यमंत्री’ के रूप में सम्मान देने और उनके 20 वर्षों के कार्यकाल के प्रति आदर व्यक्त करने का है।
7 दिन के लिए संभाला मुख्यमंत्री पद : उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब जनता दल (यूनाइटेड) मुख्यमंत्री के रूप में कुमार के दो दशकों के कार्यकाल के उपलक्ष्य में मंगलवार को बिहार और अन्य राज्यों में ‘सुशासन दिवस : नीतीश संवाद’ नामक कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।
वर्तमान में राज्यसभा सदस्य कुमार कई बार बिहार के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। उन्होंने पहली बार मार्च 2000 में सात दिन के लिए मुख्यमंत्री पद संभाला था। वह 24 नवंबर, 2005 को फिर से मुख्यमंत्री बने और अगले दो दशकों के दौरान कई बार इस पद पर रहे।