क्या चीन गुपचुप बांग्लादेश को भेज रहा मिसाइल सामग्री?

मिसाइल सामग्री से लदा जहाज इंडोनेशियाई नौसेना ने पकड़ा
Indonesian Navy intercepts ship laden with missile materials
जांच करते इंडोनेशिया नौ सेना के अधिकारी (एआई चित्र)
Published on: 

ढाका : इंडोनेशिया के समुद्री क्षेत्र में बांग्लादेश जा रहे एक मालवाहक जहाज से 405 टन सोडियम परक्लोरेट और लाखों बिना पंजीकरण वाले सिम कार्ड जब्त किए गए हैं। इस कार्रवाई के बाद चीन से बांग्लादेश को गुप्त रूप से मिसाइल निर्माण सामग्री भेजे जाने की आशंका जताई जा रही है। जहाज को सात नवंबर को उत्तरी सुमात्रा के बेलावन के पास इंडोनेशियाई नौसेना ने रोका था। नौसेना ने प्रेसवार्ता में जब्ती की जानकारी दी। ढाका स्थित एक समाचार पत्र के अनुसार, कोमोरोस के झंडे वाला यह जहाज एमवी स्टार लाइन्स चीन के लियानयुंगांग बंदरगाह से बांग्लादेश के मोंगला बंदरगाह जा रहा था।

100 मिसाइल बनाने में सक्षम सामग्री

इंडोनेशियाई नौसेना के अधिकारियों के मुताबिक, जब्त सोडियम परक्लोरेट से करीब 100 मिसाइलें बनाई जा सकती हैं। यह सफेद क्रिस्टलीय रसायन एक शक्तिशाली ऑक्सीकारक है, जिसका इस्तेमाल रॉकेट और मिसाइलों के ईंधन में किया जाता है।

रेडियो संपर्क बंद होने पर शक

जहाज ईंधन भरने के लिए इंडोनेशियाई जलक्षेत्र में रुका था। गश्त कर रहे नौसैनिकों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। रेडियो संदेशों का जवाब नहीं मिलने पर जहाज की तलाशी ली गई। जांच एजेंसियों को संदेह है कि उसका स्वचालित पहचान तंत्र (एआईएस) भी बंद किया गया था। सीमा शुल्क अधिकारियों के अनुसार, जहाज के बांग्लादेश पहुंचने से पहले पकड़े जाने के कारण आयातक और माल के वास्तविक प्राप्तकर्ता की पहचान के लिए आगे जांच करनी होगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News