श्रीलंका में बाढ़ राहत कार्य में सहयोग करेगा INS विक्रांत

श्रीलंका के पूर्वी त्रिंकोमाली क्षेत्र में आए चक्रवाती तूफान 'डिटवा' के कारण गंभीर मौसम के बीच जारी राहत कार्यों के लिए आईएनएस विक्रांत के विमानों के उपयोग हेतु औपचारिक अनुरोध किया गया था।
श्रीलंका में बाढ़ राहत कार्य में सहयोग करेगा INS विक्रांत
Published on

कोलंबो : श्रीलंका में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद बचाव और राहत अभियानों में भारत के विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत को तैनात किया जाएगा। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

INS विक्रांत से मांगी गई है मदद

श्रीलंकाई नौसेना ने बताया कि यह स्वदेशी विमानवाहक पोत ‘अंतरराष्ट्रीय फ्लीट रिव्यू’ 2025 की तैयारियों के तहत 25-26 नवंबर को कोलंबो में तैनात किया गया था। रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि श्रीलंका के पूर्वी त्रिंकोमाली क्षेत्र में आए चक्रवाती तूफान 'डिटवा' के कारण गंभीर मौसम के बीच जारी राहत कार्यों के लिए आईएनएस विक्रांत के विमानों के उपयोग हेतु औपचारिक अनुरोध किया गया था।

मरने वालों की संख्या 56

श्रीलंका में बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या 56 हो गई है, जबकि 21 लोग अब भी लापता हैं। आपदा प्रबंधन केंद्र (डीएमसी) ने बताया कि पिछले 72 घंटों में 46 मौत के मामले दर्ज किए गए हैं। आपात स्थिति को देखते हुए, सरकार ने शुक्रवार को आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। आपदा प्रबंधन अधिकारियों ने बताया कि अत्यधिक खराब मौसम से 12,313 परिवारों के 43,991 लोग प्रभावित हुए हैं।

2016 की बाढ़ के रिकॉर्ड को भी पार कर सकता है केलानी नदी का जल स्तर

सिंचाई विभाग ने कोलंबो के निचले उत्तरी हिस्सों में केलानी नदी के पास रहने वाले निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की चेतावनी देते हुए कहा कि इस क्षेत्र को द्वीप राष्ट्र के इतिहास में सबसे खराब बाढ़ का सामना करना पड़ सकता है। सिंचाई विभाग के महानिदेशक अजीत गुणासेकरा ने कहा, "इस स्थिति के बदलने की कोई संभावना नहीं है। हमें आशंका है कि केलानी नदी का जल स्तर 2016 की बाढ़ के रिकॉर्ड को भी पार कर जाएगा।"

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in