द्वीपों में 32 विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत

23 अभ्यर्थियों ने प्रस्ताव स्वीकार कियाजिला अस्पतालों में सेवाएं होंगी बेहतर
द्वीपों में 32 विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत
Published on

गराचरमा में जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला स्थापित

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : अंडमान एवं निकोबार प्रशासन के स्वास्थ्य सेवा निदेशालय ने द्वीपों में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इसी क्रम में विभिन्न विषयों में 32 विशेषज्ञ पदों को एक वर्ष की संविदा अवधि के लिए भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इस संबंध में रिक्ति सूचना प्रिंट मीडिया में प्रकाशित की गई तथा प्रशासन और स्वास्थ्य सेवा निदेशालय की आधिकारिक वेबसाइटों पर भी अपलोड की गई। कुल 120 पात्र आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 85 अभ्यर्थी ऑनलाइन साक्षात्कार में शामिल हुए। स्क्रीनिंग समिति की सिफारिशों के आधार पर 32 अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रस्ताव जारी किए गए। अब तक 23 अभ्यर्थियों ने प्रस्ताव स्वीकार कर लिया है, जबकि 06 विशेषज्ञों ने कार्यभार ग्रहण भी कर लिया है और कुछ अभ्यर्थियों ने ज्वाइनिंग समय में विस्तार का अनुरोध किया है। स्वास्थ्य सेवाओं में और सुधार लाने के उद्देश्य से निदेशालय ने जिला अस्पताल गराचरमा, डॉ. आर.पी. अस्पताल मायाबंदर तथा बीजेआर अस्पताल कार निकोबार में सेवाओं को सुदृढ़ करने की पहल भी शुरू की है। इस कदम से द्वीपों के मुख्य रेफरल अस्पताल जी.बी. पंत अस्पताल, श्री विजयपुरम में मरीजों की भीड़ कम करने में मदद मिलेगी और लोगों को उनके नजदीक ही विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध हो सकेगा। जिला अस्पताल गराचरमा में एकीकृत जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला की स्थापना भी की गई है, जिससे जांच और प्रयोगशाला सेवाएं और मजबूत होंगी। सर्जरी, मेडिसिन, एनेस्थीसिया, डर्मेटोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, माइक्रोबायोलॉजी, पैथोलॉजी, गायनेकोलॉजी और पीडियाट्रिक्स जैसे क्षेत्रों के विशेषज्ञों को जिला अस्पताल गराचरमा में तैनात किया जा रहा है, जिससे स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार होगा और आम जनता को विशेषज्ञ उपचार तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित हो सकेगी।


Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in