हसीना की बांग्लादेश में वापसी हथकड़ी लगाकर ही संभव : हुमायूं

पूर्व प्रधानमंत्री हसीना की वापसी पर सरकार का सख्त रुख
Hasina’s return to Bangladesh is possible only in handcuffs: Humayun
बांग्लादेश के मंत्री हुमायूं कबीर
Published on: 

ढाका : बांग्लादेश ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी को लेकर एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने मंगलवार को कहा कि हसीना को केवल हथकड़ी लगाकर या कड़ी निगरानी में ही बांग्लादेश वापस लाया जा सकता है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, कबीर ने कहा कि हसीना की इच्छा और वास्तविक परिस्थितियों के बीच अंतर समझना जरूरी है। दरअसल, हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मिल अली ने मंगलवार को एक समाचार एजेंसी से बातचीत में दावा किया कि पूर्व प्रधानमंत्री 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटेंगी। यह दिन बांग्लादेश में विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसी दिन 1971 के युद्ध के बाद देश को पाकिस्तान से आजादी मिली थी। प्रवक्ता के मुताबिक, हसीना ने बांग्लादेश की सरकार से दिल्ली से ढाका तक उनकी वापसी के लिए राष्ट्रीय विमानन कंपनी के विमान की व्यवस्था करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि पांच अगस्त, 2024 को हसीना को बांग्लादेश के विमान से भारत लाया गया था, इसलिए अब उनकी वापसी के लिए भी सरकार से विमान उपलब्ध कराने की मांग की गई है। गौरतलब है कि पांच अगस्त, 2024 को छात्र-नेतृत्व वाले व्यापक विरोध प्रदर्शनों के बाद हसीना की सरकार गिर गई थी। इसके बाद वह बांग्लादेश छोड़कर भारत चली गई थीं और तब से भारत में रह रही हैं। बांग्लादेश सरकार 79 वर्षीय हसीना के प्रत्यर्पण के लिए भारत से लगातार मांग कर रही है। हालांकि, भारत ने कहा है कि ढाका के अनुरोध पर कानूनी प्रक्रिया के तहत विचार किया जा रहा है।

पासपोर्ट और पहचान पत्र का अनुरोध भी ठुकराया

हसीना की वापसी का मुद्दा भारत और बांग्लादेश के बीच तनाव का प्रमुख कारण बना हुआ है। इसी महीने बांग्लादेश सरकार ने हसीना के नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र जारी करने के अनुरोध को ठुकरा दिया था। इसके बाद देश में एक बार फिर राजनीतिक अशांति बढ़ गई। ऐसे में 16 दिसंबर को उनकी प्रस्तावित वापसी के दावे और सरकार के सख्त बयान ने इस मामले को और संवेदनशील बना दिया है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News